FIFA WC 2026 : फीफा वर्ल्ड कप 2026 में डिफेंडिंग चैम्पियन अर्जेंटीना ने अपने पहले ही मुकाबले में अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं. फुटबाल में सबसे चर्चित नामों में से एक स्टार प्लेयर लियोनेल मेसी (Lionel Messi) ने वर्ल्ड कप में अपने करियर की पहली हैट्रिक लगाई. अपने 200वें इंटरनेशनल मैच में उतरे मेसी ने 17वें मिनट में गोल की शुरुआत की और 76 वें मिनट में तीसरा गोल मारा. पूरे मैच में अर्जेंटीना ने अल्जेरिया को एक भी गोल नहीं करने दिया और 3-0 से धमाकेदार शुरुआत की.
17…60…76… मेसी ने रचा इतिहास
दिन के पहले मुकाबले में फ़्रांस के एम्बाप्पे ने दो गोल मारकर मेसी से आगे निकले थे, लेकिन अल्जेरिया के साथ हुए अर्जेंटीना के मैच में इतिहास फिर बदल गया. इस मुकाबले में तीन गोल दागकर मेसी ने फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. मेसी के नाम अब 16 गोल हो गए हैं.
मैच में गेंद सबसे ज्यादा अल्जेरिया के कब्जे में रही, लेकिन अकेले मेसी ही अपने प्रतिद्वंदी पर हावी पड़े. टीम के लिए मेसी ने 17वें मिनट पर पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई. पहले हाफ में अर्जेंटीना 1-0 से आगे रही और दूसरे हाफ में रफ्तार बढ़ा दी. आक्रामक प्रदर्शन करते हुए मेसी ने 60वें मिनट पर दूसरा और 76 मिनट पर तीसरा गोल कर अर्जेंटीना की जीत पर मुहर लगा दी. अल्जेरिया एक भी गोल करने में सफल नहीं हो पाई.
फीफा में सबसे ज्यादा गोल करने वाले फुटबॉलर
जर्मनी – मिरोस्लाव क्लोज – 16 गोल
अर्जेंटीना – लियोनल मेसी – 16 गोल
ब्राजील – रोनाल्डो – 15 गोल
फ्रांस – किलियन एम्बाप्पे – 14 गोल
जर्मनी – गेर्ड मुलर – 14 गोल
FIFA World Cup 2026 में भाग लेने वाली सभी 48 टीम और उनके ग्रुप्स

FIFA ने टूर्नामेंट के प्रारूप में किया बदलाव
फीफा ने टीमों की संख्या को देखते हुए इस बार टूर्नामेंट का प्रारूप पूरी तरह बदल दिया है. 48 टीमों को 12 ग्रुप (A से L) में बांटा गया है और हर ग्रुप में चार-चार टीमें होंगी। प्रत्येक टीम ग्रुप स्टेज में तीन मुकाबले खेलेगी.

इसके बाद नॉकआउट चरण में नया “राउंड ऑफ 32” शामिल किया गया है. इसमें 12 ग्रुप विजेता, 12 रनर-अप और तीसरे स्थान पर रहने वाली 8 सर्वश्रेष्ठ टीमें जगह बनाएंगी. इसके बाद राउंड ऑफ 16, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पूरे टूर्नामेंट में कुल 104 मैच होंगे.
भारत में कहां देख सकते हैं मैच?

भारत में FIFA वर्ल्ड कप 2026 का प्रसारण जी एंटरटेनमेंट के नए लॉन्च किए गए यूनाइट8 स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा. वहीं टूर्नामेंट की लाइव स्ट्रीमिंग जी5 ऐप और इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी.


