FIFA World Cup के छठे दिन खेले जाएंगे 5 मैच, मेसी और रोनाल्डो पर रहेंगी दुनिया की नजरें, देखें पूरा शेड्यूल

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रुप स्टेज के छठे दिन फुटबॉल प्रशंसकों को कई बड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना अपने अभियान की शुरुआत करेगी, जबकि किलियन एम्बापे की फ्रांस भी जीत के साथ टूर्नामेंट में आगाज करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। वहीं दिन के आखिरी मुकाबले में क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल टीम कांगो से भिड़ेगी।

बता दें कि ग्रुप I और ग्रुप J की टीमें छठे दिन एक्शन में नजर आएंगी। हालांकि सबसे ज्यादा निगाहें अर्जेंटीना पर टिकी रहेंगी, जो खिताब बचाने के मिशन के साथ मैदान में उतरेगी। फुटबॉल प्रेमियों को एक बार फिर लियोनेल मेसी का जादू वर्ल्ड कप के मंच पर देखने का मौका मिलेगा।

फ्रांस बनाम सेनेगल से होगी दिन की शुरुआत

दिन का पहला मुकाबला फ्रांस और सेनेगल के बीच खेला जाएगा। यूरोपीय दिग्गज फ्रांस जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत कर टूर्नामेंट में मजबूत संदेश देना चाहेगा। हालांकि अफ्रीकी टीम सेनेगल को हल्के में नहीं लिया जा सकता। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में भारतीय समयानुसार 17 जून को रात 12:30 बजे से खेला जाएगा।

इराक और नॉर्वे के बीच होगी टक्कर

ग्रुप I के दूसरे मुकाबले में इराक और नॉर्वे आमने-सामने होंगे। दोनों टीमें जीत के साथ अपने सफर की शुरुआत करना चाहेंगी। बोस्टन स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुकाबले के रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है। मैच भारतीय समयानुसार 17 जून को सुबह 3:30 बजे शुरू होगा।

अर्जेंटीना बनाम अल्जीरिया: दिन का सबसे बड़ा मुकाबला

छठे दिन का सबसे चर्चित मुकाबला मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना और अल्जीरिया के बीच खेला जाएगा। अर्जेंटीना की टीम अपने खिताब बचाने के अभियान की शुरुआत करेगी। दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों की नजरें लियोनेल मेसी पर रहेंगी, जो एक बार फिर वर्ल्ड कप में अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं। यह मुकाबला कैनसस सिटी स्टेडियम में भारतीय समयानुसार सुबह 6:30 बजे से खेला जाएगा।

ऑस्ट्रिया और जॉर्डन के लिए अहम मुकाबला

ग्रुप J के दूसरे मैच में ऑस्ट्रिया और जॉर्डन की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के लिए शुरुआती मुकाबले में जीत हासिल करना बेहद महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि इससे नॉकआउट चरण की राह आसान हो सकती है। यह मुकाबला सैन फ्रांसिस्को बे एरिया स्टेडियम में भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे शुरू होगा।

रोनाल्डो पर रहेंगी निगाहें, कांगो से भिड़ेगी पुर्तगाल

दिन का आखिरी मुकाबला पुर्तगाल और कांगो के बीच खेला जाएगा। इस मैच में सभी की नजरें पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो पर टिकी होंगी। पुर्तगाल जीत के साथ अपने अभियान का आगाज करना चाहेगी, जबकि कांगो उलटफेर की उम्मीद लेकर मैदान में उतरेगी। यह मुकाबला ह्यूस्टन स्टेडियम में भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे से खेला जाएगा।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के छठे दिन मेसी और रोनाल्डो जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की मौजूदगी फुटबॉल प्रशंसकों के उत्साह को और बढ़ा देगी। ऐसे में यह दिन टूर्नामेंट के सबसे रोमांचक दिनों में से एक साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!