बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम तेलसरा में प्रेम संबंध को लेकर दो पक्षों के बीच उपजा विवाद मारपीट और थाने तक पहुँच गया है। यहाँ एक युवक को अपनी ही मर्जी से घर आई प्रेमिका के परिजनों के गुस्से का शिकार होना पड़ा। युवती के स्वजन ने न सिर्फ युवक के साथ सरेराह मारपीट की, बल्कि उसे जान से मारने की धमकी देते हुए युवती को अपने साथ जबरन वापस ले गए। पीड़ित युवक की लिखित शिकायत पर चकरभाठा थाना पुलिस ने गाँव के ही चार नामजद आरोपियों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट और गाली-गलौज करने का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम तेलसरा निवासी संदीप बांधे पेशे से ड्राइवर हैं और अपने परिवार के साथ गाँव में ही रहते हैं। संदीप का गाँव की ही रहने वाली सीमा कुर्रे नामक युवती के साथ पिछले कुछ समय से प्रेम प्रसंग चल रहा है। दोनों एक-दूसरे को पसंद करते हैं और भविष्य में शादी करना चाहते हैं, लेकिन लड़की के पारिवारिक सदस्य इस अंतर्जातीय रिश्ते के सख्त खिलाफ हैं। रविवार की दोपहर करीब 1:30 बजे सीमा अपनी मर्जी से संदीप से मिलने उसके घर पहुँची थी।
इस बात की भनक लगते ही युवती के परिवार के दुर्गा कुर्रे, कुनाल कुर्रे, उत्तम कुर्रे और सारधा निवासी अनिल चेलकर आक्रोशित होकर संदीप के घर आ धमके। वे पहले तो सीमा कुर्रे को अपने साथ डांट-फटकार कर वापस ले गए। आरोप है कि इसके कुछ ही देर बाद चारों आरोपी दोबारा लाठी-डंडों के साथ संदीप के घर पहुँचे और उसे घर से बाहर खींच लिया। आरोपियों ने संदीप के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में संदीप के गले और बाईं आँख के पास गंभीर चोटें आई हैं। चकरभाठा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।


