मतांतरण के प्रयास पर बवाल, बजरंग दल के प्रदर्शन के बाद तीन के खिलाफ एफआईआर

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के भनपुरी क्षेत्र स्थित सेंधवार तालाब के पास महतारी चौक पर उस वक्त भारी तनाव फैल गया जब एक मकान के अंदर करीब 30 लोगों के जुटने की सूचना मिली। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि वहां किसी धार्मिक कार्यक्रम की आड़ में चुपचाप मतांतरण कराया जा रहा था और हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही थीं।

मामले की भनक लगते ही छत्तीसगढ़ बजरंग दल के कार्यकर्ता तुरंत मौके पर पहुंच गए और उन्होंने जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 12 लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले आई।

थाने में हंगामा और पुलिस कार्रवाई

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। हालांकि, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का कहना था कि पुलिस ने पुराने कानूनों के तहत खानापूर्ति की है, जबकि प्रदेश में लागू नए और कड़े धार्मिक स्वतंत्रता कानून के तहत मामला दर्ज किया जाना चाहिए। इसी मांग को लेकर कार्यकर्ता बड़ी संख्या में खमतराई थाने में डटे रहे।

पुलिस की पूछताछ जारी

पुलिस ने मकान से मिले सभी लोगों से पूछताछ कर तथ्यों की गहनता से जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने क्षेत्र में एक बार फिर मतांतरण के मुद्दे को गर्म कर दिया है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!