कांकेर. एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान बीडीएस, डीआरजी और बीएसएफ की ज्वाइंट टीम ने बड़ा नक्सली डंप बरामद किया. माओवादियों ने हथियार लैपटॉप और टैबलेट को घने जंगल के बीच जमीन में गाड़कर रखा था. फोर्स ने बताया कि वो रुटीन सर्चिंग अभियान पर थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र के कांकेर-नारायणपुर सीमा पर निकले थे. जब उनकी टीम ग्राम आलपरस-गुमचुर के बीच जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में पहुंची तो उनको जमीन के नीचे कुछ छिपे होने का शक हुआ.
बॉर्डर पर नक्सली डंप बरामद
संयुक्त सर्चिंग अभियान में जुटे जवानों ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की. खोजबीन के दौरान मौके से हथियार, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की गई. पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा ने बताया कि डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम लगातार नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में अभियान चला रही है. 11 जुलाई को चलाए गए सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सल डम्प का पता लगाया, जहां से आज 12 जुलाई को बड़ी मात्रा में हथियार और अन्य सामग्री बरामद की गई
बरामद किए गए सामानों की लिस्ट
- 303 रायफल – 2
- 303 रायफल के 32 जिंदा कारतूस
- लैपटॉप – 1
- टैबलेट – 1
- वायरलेस बैट्री – 3
- रेडियो सेट – 1
- नक्सली वर्दी – 2
- पाउच – 5
- चार्जर – 2
- सामान्य बैटरी – 1
नक्सली साहित्य भी मौके से मिला
इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व बीएसएफ के एसी अंकुश कुमार, थाना प्रभारी कोयलीबेड़ा निरीक्षक निर्मल जांगड़े, बीएसएफ के इंस्पेक्टर अनुज कुमार, उप निरीक्षक नवीन प्रकाश, सौरभ यादव तथा डीआरजी टीम कमांडर सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र नेताम ने किया. पुलिस ने बताया कि कांकेर-नारायणपुर सीमा पर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है. सुरक्षा बलों का उद्देश्य नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है.





