NEET UG 2026 Re-Exam: री-एग्जाम देने वाले उम्मीदवार अब आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी OMR शीट और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स का मिलान कर सकते हैं। यदि दोनों में कोई अंतर मिलता है तो निर्धारित शुल्क के साथ ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करने का अवसर दिया गया है।
NEET UG 2026 री-एग्जाम में शामिल लाखों अभ्यर्थियों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बड़ा अपडेट जारी किया है। एजेंसी ने उम्मीदवारों की स्कैन की गई OMR आंसर शीट और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। अब अभ्यर्थी अपने आवेदन संख्या (Application Number) और पासवर्ड की मदद से लॉगिन कर यह देख सकते हैं कि परीक्षा के दौरान OMR शीट में उन्होंने कौन-कौन से उत्तर भरे थे और सिस्टम में क्या रिकॉर्ड हुआ है।
OMR शीट का मिलान क्यों है जरूरी?
NTA के अनुसार, यह सुविधा केवल OMR शीट में दर्ज उत्तरों के सत्यापन के लिए उपलब्ध कराई गई है। कई बार स्कैनिंग या रिकॉर्डिंग के दौरान तकनीकी त्रुटि की संभावना हो सकती है। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे स्कैन की गई OMR शीट और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स का सावधानीपूर्वक मिलान करें, ताकि किसी भी संभावित गलती की समय रहते पहचान की जा सके।]
15 जुलाई सुबह 11 बजे तक दर्ज कर सकते हैं आपत्ति
यदि किसी उम्मीदवार को OMR शीट में भरे गए उत्तर और पोर्टल पर प्रदर्शित रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स के बीच कोई अंतर दिखाई देता है, तो वह 15 जुलाई सुबह 11:00 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कर सकता है। प्रत्येक आपत्ति के लिए 200 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। हालांकि, यदि जांच में यह साबित होता है कि त्रुटि स्कैनिंग एजेंसी या तकनीकी प्रक्रिया के कारण हुई है, तो जमा की गई राशि उम्मीदवार को वापस कर दी जाएगी।

