पड़ोसियों पर बच्चों को डराकर ज्वेलरी मंगाने का आरोप; 11 साल की बच्ची से झुमके-चेन लेने की शिकायत

रायपुर गुढ़ियारी इलाके में नाबालिग बच्चों को डराने-धमकाने और उन्हें अपने झांसे में लेकर आभूषण व नकदी हासिल करने का मामला सामने आया है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि वंदना साहू ने उसकी 11 वर्षीय भांजी रूपल साहू को डराकर उसके सोने के कान के झुमके और चेन ले लिए।

इसके बाद परिवार का रानी हार लाने के लिए भी बच्ची पर दबाव बनाया गया। शिकायत के आधार पर गुढ़ियारी पुलिस ने वंदना साहू और उसके पति दीपक साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चार सितंबर को थाने में शिकायत

पुलिस के मुताबिक गुढ़ियारी निवासी सोनम साहू ने चार सितंबर को थाने में लिखित शिकायत दी। इसमें बताया गया कि उनकी 11 वर्षीय भांजी रूपल साहू के पास घर में रखे सोने के कान के झुमके और चेन थे। आरोप है कि वंदना साहू ने बच्ची को डराया-धमकाया और ब्लैकमेल कर ये आभूषण अपने पास ले लिए।

शिकायत के अनुसार, दो सितंबर को भी महिला ने बच्ची को धमकाया और उसकी नानी पार्वती साहू का रानी हार लाने के लिए दबाव डाला। आरोप है कि महिला के कहने पर बच्ची ने घर से रानी हार चुराकर रख लिया था और उसे देने जा रही थी। इसी दौरान परिवार को घटना की जानकारी हो गई।

सहेली से मंगलसूत्र लेने का भी आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि महिला ने अन्य बच्चों को भी इसी तरह अपने प्रभाव में लिया। एक 13 वर्षीय बच्ची की मां का मंगलसूत्र भी महिला के कहने पर बच्ची द्वारा दिए जाने का उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बच्चों को बातों में फंसाकर उनसे आभूषण और नकदी मंगवाई जाती थी।

पति पर भी सहयोग का आरोप

वंदना साहू के पति दीपक साहू पर भी इस गतिविधि में सहयोग करने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह बच्चों को चोरी करने का तरीका बताता था। पुलिस ने लगाए गए आरोपों के आधार पर दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!