NEET पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन के दौरान NSUI कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, दीपक बैज ने की पुलिस कार्रवाई की निंदा

रायपुर। नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर बिलासपुर में हुए NSUI के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए इसकी निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

तोखन साहू के बंगले घेराव के दौरान हुआ हंगामा

दरअसल, नीट पेपर लीक मामले को लेकर NSUI कार्यकर्ता सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के निवास का घेराव करने निकले थे। पुलिस ने सांसद के बंगले से पहले ही बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके चलते पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। हंगामे के दौरान भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का कुर्ता भी फट गया।

वाटर कैनन के बाद लाठीचार्ज, कई घायल

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद प्रदर्शनकारी कलेक्टर कार्यालय की ओर बढ़ने लगे तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। घटना में 12 से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें बाद में मुचलके पर रिहा कर दिया गया। वहीं छह से अधिक कार्यकर्ता घायल हुए हैं, जिनका इलाज सिम्स अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के अनुसार धक्का-मुक्की में कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

दीपक बैज बोले- सरकार के इशारे पर हुआ लाठीचार्ज

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक बैज ने कहा कि NSUI ने पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे को लेकर शांतिपूर्ण घेराव कार्यक्रम आयोजित किया था, लेकिन सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन ने बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई में एक छात्र का सिर फट गया, कई लोगों के हाथ फ्रैक्चर हुए हैं और कई कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

‘क्या लोकतंत्र में आवाज उठाना भी अपराध है?’

बैज ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर इसका जिम्मेदार कौन है? क्या लोकतंत्र में छात्रों और युवाओं को अपनी आवाज उठाने का अधिकार नहीं है? क्या भाजपा सरकार में पेपर लीक जैसे मुद्दों के खिलाफ लड़ाई भी नहीं लड़ी जा सकती?

उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को उठाने वालों पर बल प्रयोग करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को युवाओं के सवालों का जवाब देना चाहिए, न कि उनकी आवाज दबाने का प्रयास करना चाहिए।

जांच और कार्रवाई की मांग

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलनों पर इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!