ढाबे में चाकू की नोक पर लूट : विरोध करने पर कर्मचारी को डंडे से पीटा, तीन गिरफ्तार

बिलासपुर. न्यायधानी बिलासपुर में अपराधियों के हौंसले बुलद है. रतनपुर में नेशनल हाइवे स्थित गहलोत ढाबे में आधी रात चाकू की नोक पर लूट की वारदात हुई. बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर पैसे लूट लिए. इस बीच कर्मचारी के बीच बचाव करने पर उसे डंडे, पाइप और मुक्कों से जमकर पीटा और फरार हो गए. पूरा मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है.

जानकारी के मुताबिक, नेशनल हाईवे स्थित नवापारा में गहलोत ढाबा में देर रात तीन युवक पहुंचे. उन्होंने शराब की मांग की, लेकिन मना करने पर विवाद शुरू हो गया. इस बीच आरोपियों ने चाकू निकालकर धमकाया. बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी विजेंद्र कमल के साथ भी आरोपियों ने हाथ-मुक्कों, स्टील पाइप और डंडे से मारपीट की. इसके बाद तीनों आरोपी ढाबे के गल्ले से 4,500 रुपए लूटकर फरार हो गए.

दबिश देकर आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए. थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय ने रात में ही टीम के साथ की कार्रवाई शुरू की. करैहापारा में दबिश देकर तीनों आरोपी कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया. साथ ही आरोपियों से लूटी गई 4,500 की नगदी बरामद की गई. वहीं वारदात में इस्तेमाल चाकू, लाठी और अन्य साक्ष्य भी जब्त किया गया.

गिरफ्तार आरोपी विकास उर्फ विक्कू रावत, शनि उर्फ राजा कश्यप और ब्यासनारायण उर्फ छोटू के खिलाफ रतनपुर थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपियों के खिलाफ पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!