बिलासपुर। बिलासपुर शहर के प्रयास पब्लिक स्कूल के बैंक खाते का साइबर ठगों ने म्यूल अकाउंट के रूप में उपयोग कर 1.12 करोड़ रुपये का लेनदेन किया। स्कूल संचालक का मोबाइल कोलकाता में गुम होने के बाद जालसाजों ने बैंक खाते से जुड़ी मोबाइल सेवा का दुरुपयोग कर ठगी की रकम 100 से ज्यादा बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी।
मामले की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच डायरी कोलकाता भेज दी है। राजकिशोर नगर निवासी डॉ. सचिन यादव प्रयास पब्लिक स्कूल के संचालक हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 10 अगस्त को कोलकाता के न्यू मार्केट थाना क्षेत्र में धरमतला के पास उनका जियो सिम लगा मोबाइल गुम हो गया था। तलाश के बाद मोबाइल नहीं मिला। वे सिम बंद कराने के लिए सेवा केंद्र पहुंचे, लेकिन पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं होने से सिम तत्काल बंद नहीं हुआ।
14 अगस्त को हुआ संदिग्ध लेनदेन
डॉ. यादव ने बताया कि स्कूल का आईसीआईसीआई बैंक खाता इसी नंबर से जुड़ा था। 16 अगस्त को उन्होंने पुराना मोबाइल नंबर दोबारा जारी कराया। अगले दिन ई-मेल देखने पर खाते में संदिग्ध लेनदेन की जानकारी मिली। ठगों ने 14 अगस्त को पहले 800 रुपये का ट्रायल ट्रांजेक्शन किया। फिर 1.12 करोड़ रुपये का लेनदेन कर रकम 100 से ज्यादा खातों में भेज दी।
खाते में सिर्फ 29 रुपये बचे स्कूल संचालक के अनुसार, घटना से पहले खाते में केवल 181 रुपये थे। जालसाजों ने खाते का इस्तेमाल ठगी की रकम के लेनदेन के लिए किया और आखिर में 29 रुपये छोड़े। एएसपी सिटी पंकज पटेल ने मोबाइल गुम होने पर तत्काल सिम ब्लाक कराने, बैंक और पुलिस को सूचना देने की सलाह दी है।

