राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। थाना बसंतपुर पुलिस ने नवनिर्माणाधीन मकान में हुई चोरी का महज तीन घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई ग्लाइंडर कटर मशीन एवं केबल वायर बरामद कर जप्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक प्रार्थी दुर्गा प्रसाद पिता भैरोलाल देवांगन, निवासी दीवानपारा ने थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सत्यम विहार कॉलोनी स्थित एक नवनिर्माणाधीन मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर 4 बंडल केबल वायर और एक ग्लाइंडर कटर मशीन चोरी कर ले गया। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई। घटना 28 अगस्त से 1 सितम्बर के बीच की है। रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 406/2026 के तहत धारा 331(4), 305 भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल के आसपास तथा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच के दौरान संदेह के आधार पर लोजस उर्फ लक्की देवांगन (20) निवासी कोठारपारा, नंदई और हरिनारायण यादव (20) निवासी कोठारपारा, नंदई को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गई ग्लाइंडर कटर मशीन एवं केबल वायर बरामद कर जप्त कर लिया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

