स्कीइंग का स्वर्ग माना जाता है यह छोटा-सा हिल स्टेशन, पूरे साल देखने को मिलते हैं खूबसूरत नजारे

ट्रेवल डेस्टिनेशन। छोटा लेकिन उत्तराखंड का बेहद ही खूबसूरत शहर है औली। यहां से आपको भारत की कुछेक सबसे ऊंची पहाड़ियां देखने को मिलती हैं। पूरे साल यहां का मौसम सुहावना बना रहता है, सर्दियों में बर्फ में स्कीइंग का भी भरपूर मजा लिया जा सकता है। स्कीइंग का स्वर्ग माने जाने वाले इस हिल स्टेशन को भारत का प्रीमियम स्की डेस्टिनेशन बनाया गया है। आइए औली के इस सफर पर चलते हैं:

दुनिया का सबसे ऊंचा आर्टिफिशियल लेक है औली में

यहां दुनिया की सबसे ऊंची मानवनिर्मित झील है। झील के चारों ओर हरे-भरे ढलान हैं जो तस्वीरों के लिए बिल्कुल परफेक्ट हैं। यहां आप केबल कार से पहुंच सकते हैं। सर्दियों के मौसम में आस-पास की घास पर बर्फ की चादर बिछ जाती है और झील का पानी मोतियों सा चमकता रहता है।

सैलधर तपोवन

औली से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित यह एक छोटा-सा गांव है, जो गर्म पानी के अपने प्राकृतिक झरने और मंदिर के लिए प्रसिद्ध है। यहां आप स्थानीय हस्तशिल्प का आनंद ले सकते हैं और यहां की मेहमान नवाजी भी आपको काफी पसंद आएगी।

हिमालय के करीब ट्रैकिंग

औली आकर आप हिमालय पर्वत के आस-पास, कामत, मान पर्वत और दूनागिरी तक जा सकते हैं। जोशीमठ से औली की दूरी महज 14 किलोमीटर है। सर्दियों में बर्फ से ढंके रास्ते और गर्मियों में हरे-भरे अल्पाइन के मैदानों से होकर गुजरना ट्रैकर्स और प्रकृति प्रेमियों के लिए बेहतरीन अनुभव है।

केबल कार राइड का लें मजा

औली के करीब गुरसों और जोशीमठ के बीच केबल कार से राइड का आनंद ले सकते हैं। यह ऊंची-नीची पहाड़ियों और ओक के घने जंगलों से होकर गुजरता है। यह भारत के सबसे ऊंचे और लंबे रोपवे में से एक है। जोकि लगभग 4 किलोमीटर के रास्ते को तय करता है। यहां से आप गढ़वाल पर्वतों के सुंदर नजारे भी देख सकते हैं।

कैसे पहुंचें औली

  • फ्लाइट से: औली से सबसे करीब है, देहरादून का जॉली ग्रांट हवाई अड्डा। आप यहां से फिर कैब लेकर औली पहुंच सकते हैं।
  • सड़क मार्ग से: औली पहुंचने के लिए आपको जोशीमठ के लिए बस या टैक्सी लेनी होगी। जोशीमठ उत्तराखंड के मुख्य शहरों देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार से भी अच्छी तरह जुड़ा हुआ है। दिल्ली से जोशीमठ के लिए बसें भी उपलब्ध हैं। जोशीमठ से औली 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
  • रेलमार्ग से: औली से सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन हरिद्वार है जोकि 273 किलोमीटर पर है। देहरादून और ऋषिकेश रेलवे स्टेशन भी औली के सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन माने जाते हैं।

error: Content is protected !!