राजनांदगांव (दैनिक पहुना)। दीपावली और आगामी त्योहारों के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने राजपत्रित अधिकारियों और सभी थाना प्रभारियों की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान पुलिस की मौजूदगी बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रभावी रूप से नजर आनी चाहिए। इसके लिए विजिबल पुलिसिंग, फील्ड पुलिसिंग और प्रिवेंटिव पुलिसिंग पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने कहा कि पुलिसकर्मी केवल निर्धारित ड्यूटी स्थलों तक सीमित न रहें, बल्कि बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त करें। थाना प्रभारी स्वयं मैदान में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें और व्यापारियों व आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखें।
बाजारों में ट्रैफिक प्लान, सहायता केंद्रों की तैयारी
दीपावली पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए पार्किंग, नो-पार्किंग जोन, ट्रैफिक डायवर्जन और पैदल आवागमन को व्यवस्थित करने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर जरूरत के अनुसार अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र, हेल्प डेस्क या पुलिस चौकी स्थापित करने की तैयारी करने को कहा गया, ताकि लोगों को तत्काल मदद मिल सके।
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी रहेगी निगरानी
त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर विशेष निगरानी, चेकिंग और पेट्रोलिंग के निर्देश दिए गए। संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के साथ ही कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कर सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
व्यापारियों को सतर्क रहने की सलाह
चोरी, उठाईगिरी और पॉकेटमारी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सराफा व्यापारियों, चेंबर ऑफ कॉमर्स और अन्य व्यापारिक संगठनों के साथ समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए। व्यापारिक प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे चालू रखने, सुरक्षा उपाय अपनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने पर जोर दिया गया।
अवैध शराब और जुआ-सट्टा पर होगी कार्रवाई
एसपी ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के साथ जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने तथा उनके विरुद्ध प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया। ग्रामीण क्षेत्रों में दीपावली के साथ मड़ई-मेला और अन्य पारंपरिक आयोजनों के दौरान भी शांति, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहले से पुलिस बल तैनात करने की तैयारी करने के निर्देश दिए गए। एसपी अंकिता शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान आम नागरिकों के प्रति पुलिस का व्यवहार सहयोगात्मक और संवेदनशील रहे, जबकि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाए। पुलिस का लक्ष्य जिले में सुरक्षित माहौल और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है, ताकि लोग निर्भय होकर दीपावली मना सकें।

