पट्टे की मांग को लेकर वार्डवासियों का प्रदर्शन: कांग्रेस विधायक के नेतृत्व में तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

बीजापुर। जिला मुख्यालय बीजापुर के नगरपालिका क्षेत्र में घरों के राजस्व पट्टे की मांग को लेकर वार्डवासियों ने कांग्रेस पार्टी और विधायक विक्रम मंडावी के नेतृत्व में नगरपालिका कार्यालय का घेराव किया। वार्ड क्रमांक 1, 7, 8, 9, 10, 11 और 12 के बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन में शामिल हुए।

मकानों को तोड़ने और खाली करने के नोटिस से दहशत

प्रदर्शनकारियों की मांग है कि वर्षों से घर बनाकर रह रहे लोगों को उनके मकानों का राजस्व पट्टा दिया जाए। वार्डवासियों का आरोप है कि नगरपालिका परिषद बीजापुर की ओर से समय-समय पर उनके मकानों को तोड़ने और घर खाली करने के नोटिस दिए जाते हैं। इससे लोगों में भय का माहौल है। उनका कहना है कि वर्षों से बने घरों को छोड़कर वे आखिर कहां जाएंगे।

विधायक विक्रम मंडावी ने भाजपा पर साधा निशाना

प्रदर्शन के दौरान विधायक विक्रम मंडावी ने भाजपा और नगरपालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी पर निशाना साधा। विधायक ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले भाजपा और नगरपालिका अध्यक्ष ने लोगों को घर और पट्टा देने का वादा किया था, लेकिन अब पट्टा देने के बजाय मकानों को तोड़ने की कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

विधायक के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी नगरपालिका कार्यालय पहुंचे। इस दौरान बैरिकेडिंग को पार कर विधायक और ग्रामीण नगरपालिका के मुख्य गेट तक पहुंच गए। मौके पर पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही और प्रदर्शनकारियों को कार्यालय के अंदर प्रवेश करने से रोक दिया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार बीजापुर को ज्ञापन सौंपकर पट्टा देने और मकानों को तोड़ने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।

तहसीलदार ने बताई पट्टे की प्रक्रिया

मामले में तहसीलदार बीजापुर ने बताया कि पट्टे की मांग को लेकर ग्रामीणों का आवेदन प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि राजस्व भूमि के आबादी क्षेत्र में जिन लोगों का कब्जा है, उन्हें नियमानुसार पट्टा दिया जाना संभव है और इसकी प्रक्रिया चल रही है। हालांकि वन विभाग की भूमि पर पट्टा दिया जाना संभव नहीं होगा। अब वार्डवासियों की इस मांग और नगरपालिका क्षेत्र में मकानों को लेकर चल रहे विवाद के बीच प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!