शिवनाथ नदी के तेज बहाव में बहा युवक, दो दिन की तलाश के बाद SDRF ने बरामद किया शव

दुर्ग। गनियारी स्थित शिवनाथ नदी में शनिवार शाम तेज बहाव की चपेट में आकर बहे युवक का शव एसडीआरएफ की टीम ने दो दिन तक चले सघन रेस्क्यू अभियान के बाद बरामद कर लिया। मृतक की पहचान खुर्सीपार भिलाई निवासी सहदेव महोबिया (32) पिता मुरली महोबिया के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद उसे स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

पिकनिक के दौरान नदी में बहा युवक

पांच सितंबर की शाम तीन युवक पिकनिक मनाने के लिए गनियारी स्थित शिवनाथ नदी के तट पर पहुंचे थे। इसी दौरान सहदेव नदी किनारे बर्तन धोने के लिए पानी के पास गया। अचानक पैर फिसलने से वह नदी के तेज बहाव में चला गया और देखते ही देखते गहरे पानी में बह गया।

घटना के बाद साथ मौजूद युवकों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही दुर्ग एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की।

मोटर बोट से लगातार चला सर्च ऑपरेशन

शिवनाथ नदी में तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण रेस्क्यू टीम के सामने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां थीं। इसके बावजूद टीम ने मोटर बोट की मदद से नदी के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। छह सितंबर की सुबह शुरू हुआ यह अभियान सात सितंबर तक जारी रहा। टीम ने नदी के अलग-अलग हिस्सों में युवक की तलाश की।

दो दिन बाद मिली सफलता

दो दिनों तक लगातार चले सघन अभियान के बाद एसडीआरएफ की टीम को सफलता मिली। कड़ी मशक्कत के बाद सहदेव का शव नदी से बरामद कर लिया गया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए शव स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!