बेमेतरा। छत्तीसगढ़ की बेमेतरा पुलिस को इंडियन ओवरसीज बैंक शाखा गस्ती चौक में हुए 14.56 करोड़ के बहुचर्चित घोटाले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी और तत्कालीन बैंक प्रबंधक विनीत दास को तमिलनाडु के तंजावुर से गिरफ्तार कर लिया है।
SP ने किया मामले का खुलासा
पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने खुलासा करते हुए बताया कि मामला वर्ष 2022 का है, जब बैंक के नए प्रबंधक रज्जू पाटनवार की शिकायत और आंतरिक जांच के बाद धारा 420, 409, 120बी के तहत अपराध दर्ज हुआ था।

180 खातों में की थी वित्तीय अनियमितता
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी प्रबंधक ने बिचौलियों के साथ मिलकर बंद पड़े बिजनेस, बिना संपत्ति की गारंटी, फर्जी जीएसटी नंबर और जाली दस्तखत के जरिए कुल 180 खातों में वित्तीय अनियमितता की थी।
चार बिचौलिए पहले जा चुके हैं जेल
इस घोटाले में शामिल चार बिचौलियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इनमें कमलेश सिन्हा (बेमेतरा), जोहन सिन्हा (केवांछी), टीकाराम माथुर (बिरमपुर) और नागेश कुमार वर्मा (केवांछी) शामिल हैं। अब पुलिस मुख्य आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बेमेतरा लाई है और आगे की जांच जारी है।

