सोने की बाली गुम होने पर बच्चों के सामने तंत्र-मंत्र! शिक्षिका ने लाल कपड़े पर नारियल-चावल रखकर दी धमकी, नोटिस जारी

जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा विकासखंड के काठापाली गांव स्थित स्कूल में शिक्षिका द्वारा बच्चों के सामने तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधि किए जाने का मामला सामने आया है। शिक्षिका के कान की सोने की बाली गुम होने के बाद उन्होंने स्कूल में लाल कपड़े पर नारियल और चावल रखकर बच्चों के बीच पहुंचकर चोरी के बाली को वापस करने की बात कही। साथ ही वापस नहीं करने पर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

मामले की जानकारी सामने आने के बाद बच्चों के परिजनों ने स्कूल के प्रधानपाठक को इसकी जानकारी दी। प्रधानपाठक ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को मामले से अवगत कराया।

जानकारी के मुताबिक, शिक्षिका गीता कुम्भकार की सोने की बाली स्कूल में कहीं गुम हो गई। इसके बाद उन्होंने लाल कपड़े पर नारियल और चावल रखकर बच्चों के बीच पहुंचकर यह पता लगाने का प्रयास किया कि बाली किसने ली है। इस दौरान बच्चों से बाली वापस करने को कहा गया और ऐसा नहीं करने पर परिणाम भुगतने की बात कही गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और स्कूल प्रबंधन की ओर से उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया। इसके बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया।

जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षिका गीता कुम्भकार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। DEO ने स्कूल में बच्चों के सामने इस तरह की गतिविधि को अनुचित बताते हुए जवाब मांगा है। शिक्षा विभाग के अनुसार, शिक्षिका के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!