मार्केट में करंट की चपेट में आया 16 वर्षीय युवक, मौके पर हुई दर्दनाक मौत

जगदलपुर। शहर के संजय मार्केट में आज सुबह एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक यहां दोसा सेंटर लगाता था। हादसा इतना अचानक हुआ कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पूरी घटना मौके पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, युवक रोज की तरह सुबह करीब 7:30 बजे अपना दोसा सेंटर खोलने संजय मार्केट पहुंचा था। दुकान की साफ-सफाई करने के बाद वह ठेले के ऊपर चढ़ गया और ठेले पर लगी झिल्ली को ठीक करने लगा। इसी दौरान उसका संपर्क वहां पड़े कटे हुए बिजली के तार से हो गया। तार के संपर्क में आते ही युवक करंट की चपेट में आ गया और कुछ ही पल में उसकी मौत हो गई

आसपास के लोगों ने दी पुलिस और परिजनों को सूचना

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की नजर युवक पर पड़ी। लोगों ने तत्काल पुलिस और युवक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने मौके पर पंचनामा की कार्रवाई की। इसके बाद शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की बात कही गई, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

इस दर्दनाक हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है। कैमरे में युवक को ठेले के ऊपर चढ़कर झिल्ली ठीक करते हुए देखा जा सकता है। इसी दौरान वह बिजली के तार की चपेट में आ जाता है। घटना के बाद संजय मार्केट में भी शोक का माहौल है। हादसे ने बाजार में बिजली के तारों की सुरक्षा और खुले में पड़े विद्युत तारों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!