राजनांदगांव (दैनिक पहुना)। संस्कारधानी में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोहों में नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और तिरंगे की आन-बान-शान को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस पावन अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता का अवसर प्राप्त हुआ। भूतपूर्व सैनिक कल्याण संगठन , शिखर डिफेंस एकेडमी (सैनिक प्रशिक्षण संस्थान), मां शीतला मंदिर, जिला सहकारी संघ मर्यादित तथा ब्लू डायमंड सिटी कॉलोनी में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए गए। सभी स्थानों पर राष्ट्रध्वज फहराया गया तथा राष्ट्रगान के साथ देशभक्ति का वातावरण देखने को मिला। समारोहों के दौरान देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और सीमा पर देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। उपस्थित नागरिकों ने राष्ट्र की सेवा, सामाजिक एकता और देश की प्रगति में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक कल्याण संगठन के अध्यक्ष राजेश शर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती संध्या शर्मा, डॉ. डी.सी. जैन, राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष श्रीमती रेखा दिनेश साहू, वरिष्ठ समाजसेवी हाज़रा सर, शैलेन्द्र तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी विभिन्न कार्यक्रमों में उपस्थित रहे। स्वतंत्रता दिवस समारोहों में तिरंगे के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना देखते ही बन रही थी। बच्चों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और पूर्व सैनिकों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रमों में भाग लिया। देशभक्ति गीतों और राष्ट्रगान से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। आज आवश्यकता है कि हम स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए निरंतर कार्य करें। तिरंगा हमारी शान है और भारत हमारी पहचान है। स्वतंत्रता दिवस हमें अपने गौरवशाली इतिहास को याद करने के साथ-साथ देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए नई ऊर्जा और संकल्प प्रदान करता है।

