जन आशीर्वाद यात्रा का रथ स्वागत गेट से टकराया,बाल-बाल बचे विधायक समेत जनप्रतिनिधि

दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के हटा से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां जन आशीर्वाद यात्रा का रथ स्वागत गेट से टकरा गया। रथ में सवार प्रदेश सरकार के मंत्री, पूर्व मंत्री, भाजपा विधायक, जिलाध्यक्ष बाल-बाल बच गए। एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रही है। राज्य के अलग अलग जिलों में यात्रा निकाली जा रही है। इस कड़ी में गुरुवार को दमोह जिले के हटा विधानसभा के पटेरा से जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत हुई।

जन आशीर्वाद यात्रा के रथ पर शिवराज सरकार के मंत्री हरदीप सिंह डंग, पूर्व मंत्री रामकृष्ण कुसमरिया, जिलाध्यक्ष प्रीतम सिंह, विधायक पीएल तंतवाय और उमा देवी खटीक सवार थे। इस दौरान हटा में यात्रा का रथ स्वागत गेट से अचानक टकरा गया।

इस घटना में जनप्रतिनिध बाल बाल बच गए। इसके बाद तुंरत रथ को रोका गया। जन प्रतिनिधि लिफ्ट के जरिए रथ से नीचे आए। एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया आपको बता दें कि जिले के हटा विधानसभा के पटेरा से शुरु हुई जन आशीर्वाद यात्रा बांदकपुर, अभाना, बिजौरा, तेजगढ़, जबेरा होते हुए गुबरा पहुंचेगी।

error: Content is protected !!