महज दो सेकेंड में रूस ने मिसाइल से गिरा दी प्रशासनिक इमारत, देखें वीडियो

यूक्रेन पर हमलावर रूस अब जंग का रुख निर्णायक मोड़ पर ले जाता दिख रहा है। मंगलवार को रूस ने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव पर ताबड़तोड़ हमले किए। यही नहीं खारकीव शहर की प्रशासनिक इमारत को मिसाइल अटैक से महज दो सेकेंड के अंदर नेस्तनाबूद कर दिया गया। इमारत पर मिसाइल अटैक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसकी दुनिया भर में निंदा हो रही है। रूसी सेना की ओर से अब प्रशासनिक और रिहायशी इमारतों पर भी हमले किए जा रहे है, जिसे युद्ध के नियमों और मानवाधिकार के खिलाफ माना जा रहा है।

खारकीव के हेड ओलेग सेनगुबोव ने भी प्रशासनिक इमारत के रूसी हमले में गिरने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आज रूसी हमले का छठा दिन है और अब प्रशासनिक और रिहायशी इमारतों पर भी रूस की ओर से हमले किए जा रहे हैं। सेनगुबोव ने कहा कि रूस ने GRAD और क्रूज मिसाइलों के जरिए खारकीव पर हमला बोल दिया है। वह युद्ध अपराधों को अंजाम दे रहा है, लेकिन हमारी सेनाएं डटी हुई हैं और रूस का कड़ा मुकाबला किया जा रहा है। खारकीव के अलावा रूसी सेना ने राजधानी कीव की भी घेरेबंदी कर ली है। कहा जा रहा है कि यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस की ओर से किसी भी वक्त बड़ा हमला किया जा सकता है।

कीव में लगातार एयर रेड सायरन बज रहे हैं। पूरा शहर लगभग खाली सा हो गया है। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग निकल गए हैं, जबकि युवाओं की एक बड़ी संख्या शहर में रूसी सेना से मुकाबले के लिए रुकी हुई है। सैटेलाइट इमेजेस के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि रूस का 64 किलोमीटर लंबा सैन्य काफिला लगातार कीव की ओर बढ़ रहा है। यह काफिला कीव से महज 25 किलोमीटर ही दूर है। ऐसे में किसी भी वक्त कीव पर घातक हमला हो सकता है।

भारतीय दूतावास की देशवासियों से अपील, कैसे भी तुरंत छोड़ दें कीव

इस बीच भारतीय दूतावास ने अपील की है कि देश में मौजूद भारतीय किसी भी साधन से राजधानी से निकल जाएं। भारत ओर से ऑपरेशन गंगा चलाकर लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। अब तक करीब 10,000 लोग भारत पहुंच चुके हैं। इनमें से 1,500 लोगों को भारत सरकार के विमानों के जरिए लाया गया है।

error: Content is protected !!