रायपुर। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के भाठागांव में हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं के निवास पर पुलिस ने एक बार फिर छापेमारी की। इस बार पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह तोमर की पत्नी शुभ्रा सिंह तोमर को हिरासत में लिया है। साथ ही, तोमर बंधुओं की वकील संगीता सिंह को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
यह कार्रवाई हाल ही में मीडियाकर्मियों के साथ हुई बदसलूकी के मामले में की गई है, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, तोमर बंधुओं और उनके सहयोगियों ने रिपोर्टिंग के दौरान मीडियाकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और साक्ष्य जुटाने के बाद तोमर बंधुओं के घर पर दबिश दी।
वीरेंद्र सिंह तोमर की पत्नी शुभ्रा हिरासत में
गुरुवार की शाम पुलिस टीम ने वीरेंद्र सिंह तोमर के घर पहुंचकर उनकी पत्नी शुभ्रा को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान तोमर बंधुओं के गुर्गों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और उनके साथ बदसलूकी की। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शुभ्रा को थाने ले गई।
वकील संगीता सिंह की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई, जिसके चलते उन्हें भी हिरासत में लिया गया। पुलिस अब दोनों महिलाओं से मीडियाकर्मियों के साथ हुई बदसलूकी के मामले में पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही, तोमर बंधुओं की संपत्तियों की जांच भी जारी है।
प्रशासन की टीम तहसीलदार की अगुवाई में इन संपत्तियों की पड़ताल कर रही है। साथ ही संपत्तियां कैसे आई हैं, किन लोगों की संपत्तियां हैं। इन सभी पहलुओं में जांच की जा रही है।