हां.. हमें मोहब्बत है, हमें मोहब्बत हैः सोनम और राज ने पहली बार कबूल की अपने रिश्ते की बात….

Raja Raghuwanshi Murder Case: इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी मर्डर केस में बड़ी खबर सामने आई है। राजा हत्याकांड में गिरफ्तार पत्नी सोनम रघुवंशी (Sonam Raghuwanshi) और उसके प्रेमी राज कुशवाहा (Raj Kushwaha) ने पहली बार अपने रिश्ते की बात कबूल की है। मेघालय पुलिस की पूछताछ में दोनों ने अपने रिश्ते को स्वीकार कर लिया है। इसी के साथ ही अब इन दोनों का नार्को टेस्ट नहीं होगा।

पूर्वी खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक विवेक सिम ने बताया कि जांच के दौरान राज और सोनम दोनों ने रिश्ते में होने की बात स्वीकार की है। उन्होंने पहले ही अपराध स्वीकार कर लिया है। हमारे पास सबूत है। सोनम और राज कुशवाह के बीच प्रेम संबंध थे और दोनों ने राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रची थी। मुझे नहीं लगता कि हमें इस स्तर पर (नैरो एनालिसिस टेस्ट) क्यों करना चाहिए।

दोनों के अपराध स्वीकार करने पर अब पुलिस ने नार्को टेस्ट नहीं कराने का फैसला लिया है। पुलिस ने कहा कि नार्को परीक्षण आमतौर पर तब किया जाता है जब कोई सबूत नहीं होता है और नार्को विश्लेषण पर वास्तव में सर्वोच्च न्यायालय ने प्रतिबंध लगा रखा है। मामले को सावधानीपूर्वक सुलझाया जा रहा है और केवल इकबालिया बयानों पर निर्भर रहने के बजाय मजबूत, स्वीकार्य साक्ष्य तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य जल्द से जल्द कानूनी रूप से टिकाऊ आरोपपत्र तैयार करना है। गिरफ्तार आरोपियों को गुरुवार को अदालत में पेश किए जाने की संभावना है।

लोकेंद्र तोमर से पूछताछ में जुटी पुलिस

मेघालय पुलिस अब लोकेंद्र तोमर को पूछताछ के लिए लाने की कोशिश कर रही है, जो एक इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के मालिक और इंदौर में एक फ्लैट के मालिक है। सोनम रघुवंशी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार होने से पहले कुछ समय के लिए फ्लैट में रुकी थी। पुलिस इस बात की जानकारी जुटा रही है कि सोनम द्वारा छोड़ा गया बैग क्यों हटाया गया। बैग में कथित तौर पर एक देसी पिस्तौल, उसका फोन, राजा के गहने और 5 लाख रुपये नकद थे और पुलिस को संदेह है कि इसे तोमर या प्रॉपर्टी डीलर सिलोम जेम्स ने हटाया था। पुलिस को संदेह है कि यह सबूत मिटाने का प्रयास था और दोनों लोगों पर सबूतों से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस सूत्रों ने यह भी बताया कि अभी तक वे आभूषण बरामद करने में असमर्थ रहे हैं, जिसे सोनम रघुवंशी मेघालय से लेकर आई थी।

मर्डर में तांत्रिक क्रिया की भी हुई एंट्री

इधर राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक नया और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मर्डर में तांत्रिक क्रिया की भी एंट्री हुई है। शिलांग पुलिस की एसआईटी की टीम लगातार केस हत्या की जांच कर रही है। अब पुलिस को शक है कि तांत्रिक क्रिया के चलते राजा की हत्या हुई थी। पुलिस ने सोनम रघुवंशी के दोस्तों की जानकारी निकाली है। इतना ही नहीं सभी के मैसेज का पूरा डाटा भी तैयार कर लिया गया है। फिलहाल शिलांग पुलिस की एक टीम इंदौर में एक्टिव है। टीम लगातार राजा हत्याकांड से जुड़े सबूतों को जुटाने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!