बिलासपुर। शहर के कुदुदंड शिव चौक के पास कुछ युवकों के सड़क घेरकर बर्थडे पार्टी करने और हंगामा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जब युवक ने इसका विरोध किया, तो उससे भी युवकों ने हुज्जतबाजी की। इसका वीडियो एक सप्ताह बाद वायरल हो गया। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई की। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट और अलग-अलग धाराओं में जुर्म दर्ज कर तीनों युवकों को पकड़ लिया है। युवकों को थाने लाकर कान पकड़वाए गए। साथ ही उनके खिलाफ अलग-अलग धाराओं में कार्रवाई की गई है।
सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि कुदुदंड में रहने वाले आशीष साहू, शुभ राव जड़ीत और हिमांशु गुप्ता 21 नवंबर की रात शिव चौक के पास जन्मदिन मना रहे थे। इस दौरान युवकों ने बीच सड़क पर जीप खड़ा कर दिया था। इससे चौक पर आने जाने वालों को परेशानी हो रही थी। लोगों ने इसका विरोध किया तो प्रशासन से इसकी अनुमति लेने की बात कहने लगे।
करीब एक सप्ताह बाद गुरुवार को इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। इधर मोहल्ले में ही रहने वाले ट्रांसपोर्टर ने इसकी शिकायत थाने में की। शिकायत पर पुलिस ने तीनाें आरोपित के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। तीनों युवकों को थाने लाकर कान पकड़वाया गया है।
बीच सड़क पर स्टंट करना पड़ा भारी
बिलासपुर के रिवर व्यू पर एक युवक कार के दरवाजे खोलकर स्टंट कर रहा था। इसका उसने अपने दोस्त से ड्रोन से वीडियो बनवाया। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो मिलने पर सिविल लाइन पुलिस की ओर से आरोपित युवक और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।

