मंडला। मंडला जिले के चौकी पिंडरई नैनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे घने कोहरे के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक नवयुवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान करण यादव (21 वर्ष) पिता बसंत यादव के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करण यादव परीक्षा देने जबलपुर जाने के लिए ट्रेन पकड़ने बाइक से पिंडरई आ रहा था। इसी दौरान तुमेगांव मंदिर के पास सड़क किनारे खड़ी पिकअप वाहन को घने कोहरे के कारण वह देख नहीं सका। बाइक सीधे पिकअप से जा टकराई।
हादसे में करण को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय बाइक पर उसके पिता बसंत यादव भी सवार थे, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल नैनपुर में भर्ती कराया गया है।
मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया। बताया जा रहा है कि घना कोहरा और सड़क पर खड़ी गाड़ी इस हादसे का मुख्य कारण बने। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

