मुसराखुर्द अवैध शराब रैकेट मामले में एक और अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार

साइबर सेल  एवं थाना डोंगरगढ पुलिस की संयुक्त कार्यवाही

राजनांदगांव/ डोंगरगढ़। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब उपलब्ध कराने वाले अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। बीते साल 17 दिसंबर 2025 को  ग्राम मुसराखुर्द, शीतला मंदिर के पास स्थित एक मकान में अवैध शराब के भंडारण एवं बिक्री की साजिश का समय रहते भंडाफोड़ किया गया था। थाना डोंगरगढ़ पुलिस एवं साइबर सेल के टीम ने रेड कार्रवाई की थी। मौके से आरोपी बीरबल वर्मा एवं चन्द्रकांत उर्फ सोनू सेन को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में 62.64 बल्क लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, 1860 नग फर्जी आबकारी स्टीकर, बिना नंबर टीवीएस जूपिटर मोपेड, मोबाइल फोन, औजार एवं नगद राशि बरामद की गई। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग ₹1.38 लाख बरामद किया गया था।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि शराब एवं फर्जी लेबल की सप्लाई राजपाल सिंह भाटिया (महाराष्ट्र) एवं अवधेश सिंह पिता अविका सिंह, हाल करंजा शराब दुकान जिला बालाघाट (म.प्र.) द्वारा की जाती थी। आरोपी अवधेश सिंह को आज दिनांक 06.01.2026 को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 59-क एवं बीएनएस की धारा 339, 336(3), 340(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना जारी है।  पुलिस अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध सख्त एवं निरंतर कार्रवाई कर रही है।

error: Content is protected !!