‘तय समय सीमा में हासिल कर लिया जाएगा लक्ष्य’, नक्सलवाद के खात्मे की डेडलाइन पर गृह मंत्री विजय शर्मा का बड़ा बयान

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा बस्तर दौरे पर जगदलपुर पहुंचे। जगदलपुर एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद गृह मंत्री सीधे बीजापुर जिले के कुटरु रवाना होंगे, जहां जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नेताओं और समाज के प्रमुख लोगों के साथ उनकी अहम बैठक तय है।

मीडिया से बातचीत में गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, नक्सलवाद के खात्मे को लेकर स्थानीय समाज, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का बड़ा सहयोग मिला है, जो लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि कुटरु क्षेत्र में पहले कुछ समस्याएं जरूर थीं, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो चुकी है और विकास की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है। गृह मंत्री ने बस्तर की आर्थिक संभावनाओं पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि, यहां की वन उपज आने वाले समय में वैश्विक पहचान बना सकती है। विशेष रूप से छिंद की गुंड जैसे उत्पादों पर प्रशिक्षण पूरा हो चुका है और इसके सकारात्मक परिणाम जल्द सामने आएंगे।

नक्सलवाद के खात्मे की डेडलाइन को लेकर गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, समय कम जरूर बचा है, लेकिन जवानों के हौसले और उनकी ताकत के सामने कोई भी चुनौती टिक नहीं पाएगी। उन्होंने बताया कि कुछ एरिया कमेटियां अभी सक्रिय हैं, लेकिन सुरक्षा बलों के पास उनकी स्पष्ट जानकारी है और तय समय सीमा में लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा । तेलंगाना में नक्सलियों के सरेंडर करने के सवाल पर गृह मंत्री ने कहा कि, छत्तीसगढ़ पर नक्सलियों को सबसे ज्यादा भरोसा है।

error: Content is protected !!