
राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा द्वारा थाना कोतवाली, पुलिस चौकी चिखली एवं पुलिस चौकी सुरगी के प्रभारी अधिकारियों की क्राइम मीटिंग ली गई। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, आबकारी एक्ट एवं नारकोटिक्स एक्ट के तहत अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही गुंडा -बदमाश, निगरानी बदमाश एवं समाज विरोधी तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई , उनकी सतत निगरानी तथा क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम हेतु सक्रिय पुलिसिंग के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को जनसुनवाई में संवेदनशीलता, अपराधों के शीघ्र निराकरण , एवं क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर , नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन , नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर कीरो प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार , प्रशिक्षु डीएसपी श्रीमती सुमन जायसवाल , थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम, चौकी चिखली प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चंद मरई एवं चौकी सुरगी प्रभारी निरीक्षक ढाल सिंह साहू उपस्थित रहे।

