बैंक कर्मचारियों ने ग्राहकों के 55.70 लाख किए गबन, 2 आरोपी गिरफ्तार….

धरसीवां. आई.डी.बी.आई. बैंक चरौदा शाखा में काम करने वाले बैंककर्मी राजा खुंटे और उसके साथी दुर्गेश शर्मा पर ग्राहकों के खातों से बड़ी रकम हड़पने का आरोप लगा है. नरेन्द्र वर्मा और उनकी पत्नी मनीषा वर्मा ने फिक्स डिपॉजिट कराने के लिए कुल 40 लाख रुपये राजा खुंटे को दिए थे. राजा खुंटे ने ब्लैंक चेक का दुरुपयोग कर विभिन्न तिथियों में पैसे निकाल लिए. बैंक स्टेटमेंट और दस्तावेजों की जांच के बाद पुलिस ने राजा खुंटे को गिरफ्तार किया. मामला धरसींवा थाना क्षेत्र का है.

प्रार्थी नरेंद्र वर्मा ने थाना धरसींवा में रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया था कि उसने अपनी और पत्नी मनीषा वर्मा के नाम से आईडीबीआई बैंक शाखा चरौदा में अपने बैंक खातों में कुल 40 लाख रुपए जमा करवाए थे. उक्त राशि को एफडी करने के लिए बैंक में कार्यरत कर्मचारी राजा खूंटे से बात की. राजा खूंटे ने उन्हें विश्वास में लेकर ब्लैंक चेक ले लिया. राजा खूंटे ने एफडी करने की पावती भी उन्हें दी. राज खूंटे ने ब्लैंक चेक का दुरुपयोग कर पूरे चालीस लाख रुपए का आहरण कर लिया. पुलिस ने जांच के बाद आरोपी राजा खूंटे को गिरफ्तार कर लिया.

वहीं दूसरे मामले में भी प्रार्थी गोवर्धन प्रसाद दीवान और उनकी पत्नी के खाते से 8,70,000 रुपये और स्वाति वर्मा के खाते से 7,00,000 रुपये हड़पने वाले दुर्गेश शर्मा उर्फ सन्नी को भी गिरफ्तार किया गया. दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया.

गिरफ्तार आरोपी:

1. राजा खुंटे, पिता भक्तु राम खुंटे, उम्र 35 वर्ष, ग्राम जुनवानी, थाना पलारी, जिला बलौदा बाजार.
2. दुर्गेश शर्मा उर्फ सन्नी, पिता मनहरण प्रसाद शर्मा, उम्र 30 वर्ष, ग्राम टेंगाभाठा, थाना बेरला, जिला बेमेतरा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!