IPL 2026: क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के नए सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होगी। इस बात की घोषणा रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे भारत और न्यूजीलैंड के टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले से पहले ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स ने की।
बता दें कि पहले IPL 2026 का आगाज 26 मार्च से होना तय था, लेकिन देश के कुछ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए शेड्यूल में बदलाव किया गया है। तमिलनाडु, केरल, असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में चुनाव होने के कारण टूर्नामेंट की शुरुआत दो दिन आगे बढ़ा दी गई है। हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से अभी तक IPL 2026 का पूरा कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।
चुनाव वाले राज्यों में हैं बड़े IPL वेन्यू
जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, वहां के कुछ प्रमुख क्रिकेट स्टेडियम IPL के नियमित वेन्यू रहे हैं। तमिलनाडु के चेन्नई स्थित एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) चेन्नई सुपर किंग्स का होम ग्राउंड है।
वहीं पश्चिम बंगाल के कोलकाता में स्थित ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स कोलकाता नाइट राइडर्स का घरेलू मैदान है। इसके अलावा असम के गुवाहाटी में बना बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम राजस्थान रॉयल्स का सेकेंड होम वेन्यू रहा है। इन राज्यों में चुनाव होने की वजह से शेड्यूल को लेकर कुछ बदलाव किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
दो चरणों में जारी हो सकता है शेड्यूल

IPL के इतिहास पर नजर डालें तो जब भी देश में आम चुनाव या बड़े स्तर के विधानसभा चुनाव हुए हैं, तब टूर्नामेंट का शेड्यूल दो हिस्सों में जारी किया गया है। साल 2009, 2014, 2019 और 2024 में भी ऐसा ही देखने को मिला था। ऐसे में संभावना है कि इस बार भी BCCI पहले चरण का शेड्यूल जारी करे और बाद में दूसरा चरण घोषित किया जाए।
बेंगलुरु में होगा ओपनिंग और फाइनल मुकाबला
कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) के सेक्रेटरी संतोष मेनन ने पुष्टि की है कि IPL 2026 का ओपनिंग मैच और फाइनल मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
होम टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) इस सीजन में अपने पांच घरेलू मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी। वहीं टीम के बाकी दो होम मैच छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे।
RCB है मौजूदा चैंपियन
पिछले सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार IPL खिताब अपने नाम किया था। 2025 के फाइनल मुकाबले में RCB ने अहमदाबाद में पंजाब किंग्स को 6 रन से हराकर ट्रॉफी जीती थी।
IPL की परंपरा भी निभाई जाएगी
IPL में यह परंपरा रही है कि टूर्नामेंट का ओपनिंग मैच, क्वालिफायर-2 और फाइनल मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन टीम के होमग्राउंड पर आयोजित किया जाता है। इसी परंपरा के तहत इस बार ये बड़े मुकाबले बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जाएंगे।
ऑक्शन के दौरान तय थी 26 मार्च की तारीख
पिछले साल दिसंबर में अबू धाबी में हुई IPL नीलामी के दौरान BCCI ने फ्रेंचाइजियों को बताया था कि टूर्नामेंट 26 मार्च से 31 मई तक आयोजित किया जाएगा। उस समय 26 मार्च को शुरुआती तारीख माना जा रहा था, लेकिन चुनावी कारणों से इसमें बदलाव किया गया है। हालांकि फाइनल की संभावित तारीख 31 मई ही रहने की उम्मीद है, क्योंकि यह रविवार का दिन है और बड़े खेल टूर्नामेंटों में खिताबी मुकाबले अक्सर रविवार को ही रखे जाते हैं।
IPL 2026 के पूरे कार्यक्रम का क्रिकेट फैंस को अब बेसब्री से इंतजार है, क्योंकि इस सीजन में एक बार फिर दुनिया के कई बड़े क्रिकेट सितारे मैदान पर अपना जलवा दिखाते नजर आएंगे।



