बेटे ने की मां की हत्या: खाना नहीं मिलने पर लकड़ी से पीट-पीटकर मार डाला, बहन पर भी किया हमला

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक बेटे ने शराब के नशे में अपनी ही मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं बीच बचाव करने आई बहन पर भी उसने हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने भी आरोपी बेटे रोशन मिंज उर्फ जिंदल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान वेनेदिक्ता कुजूर के रूप में हुई है, जो की गढ़ाटोली इलाके में रहती थी। आरोपी रोशन मिंज शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है और हॉस्टल में रहता है। 7 नवंबर की रात वह दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद अपने घर पहुंचा था। घर पहुंचने पर उसने मां से खाना मांगा। खाना नहीं मिलने की बात पर विवाद शुरू हो गया।

अधजले लकड़ी के डंडे से किया हमला

विवाद के दौरान आरोपी गुस्से में आ गया और घर के चूल्हे के पास रखे अधजले लकड़ी के डंडे को उठाकर अपनी मां वेनेदिक्ता कुजूर पर हमला कर दिया। आरोपी ने महिला के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

मां को बचाने आई बहन पर भी किया हमला

घटना के दौरान आरोपी की बहन घर में सोई हुई थी। मां पर हमला होते देख वह बीच-बचाव करने पहुंची, लेकिन आरोपी ने उस पर भी लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी अपने छोटे भाई के पास पहुंचा और खाना नहीं बचाने की बात को लेकर उसे भी धमकाया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होकर जुरगुम की ओर चला गया। घर में मौजूद बच्चों ने एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।

इलाज के दौरान महिला की मौत

घटना के अगले दिन 8 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे मृतिका के पति सुरेंद्र मिंज को एक परिचित ने घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह जिला अस्पताल पहुंचे। पत्नी से पूछताछ के दौरान उन्हें घटना की पूरी जानकारी मिली। इसी बीच वह अपनी बेटी की दवाई लेने घर चले गए।

जब वह वापस अस्पताल पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनकी पत्नी वेनेदिक्ता कुजूर की इलाज के दौरान मौत हो गई है। इसके बाद पति की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को किया गिरफ्तार

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल को 9 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने शराब पीने के बाद घर पहुंचने और खाना नहीं मिलने की बात पर मां से विवाद होने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल अधजले लकड़ी के डंडे को गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।

एसएसपी लाल उमेद सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के गंभीर अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। जशपुर पुलिस ने अपराध दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!