खरगोन। चर्चित ‘कुंभ गर्ल’ मोनालिसा के पिता जयसिंह भोंसले ने अपनी बेटी को सुरक्षित वापस लाने की मांग करते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ लव जिहाद हुआ है। जयसिंह भोंसले ने केरल से मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर आने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि मुझे वहां से भगा दिया गया और कहा गया कि अब यहां से तुम्हारा कोई काम नहीं है। उन्होंने कहा कि मेरी बेटी ने पूरे देश में नाम कमाया है, इसलिए मैं मुख्यमंत्री मोहन यादव से निवेदन करता हूं कि मेरी बेटी को सुरक्षित वापस दिलाया जाए।
यह एक तरह का लव जिहाद ही है
उन्होंने मुस्लिम युवक फरमान खान से मोनालिसा की शादी को लेकर कहा कि उनकी बेटी को धोखे से फंसाया गया है। यह एक तरह का लव जिहाद ही है। यह कहते हुए वे बेहद दुखी हो गए और भावुक होते हुए उनकी आंखों में आंसू आ गए।
मोनालिसा के पिता ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि उनकी बेटी फिल्मों में आगे काम करेगी। उन्होंने कहा, मुझे बताया गया था कि मेरी बेटी दो फिल्मों की एक्टिंग कर रही है। बेटी ने खुद कहा था कि उसे एक्टिंग और डांस कुछ लोग सिखा रहे हैं। उन्होंने कहा था कि हम उसे ऐसा सिखाएंगे कि वह आगे फिल्मों में काम कर सकेगी। मुझे लगा कि दो फिल्में बन गई हैं तो तीसरी भी बन जाएगी, लेकिन मुझे नहीं पता था कि ऐसा कुछ हो जाएगा।
समझाइश देकर घर वापसी कराई जाएगी
उन्होंने यह भी कहा कि वे लगातार अपनी बेटी के संपर्क में रहने की कोशिश कर रहे हैं और चाहते हैं कि मुख्यमंत्री व प्रशासन इस मामले में हस्तक्षेप करे ताकि उनकी बेटी सुरक्षित घर लौट सके। हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक समीर माहुले ने कहा कि मोनालिसा एक सीधी साधी लड़की है, उसे समझाइश देकर घर वापसी कराई जाएगी।
एक अन्य पदाधिकारी भूपेंद्र चौहान ने कहा कि यह विधर्मियों का षड्यंत्र है। महेश्वर के भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्रम पटेल ने कहा कि षडयंत्र पूर्वक लव जिहाद का काम हुआ है, और पिता के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया।
उधर केरल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोनालिसा ने लव जिहाद से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने मंदिर में शादी की है। मोनालिसा ने कहा कि शादी के वक्त उनके पिता जय सिंह यही केरल थे, और उन्हें इसके बारे में अच्छी तरीके से मालूम था, लेकिन वह नाराजगी के चलते शामिल नहीं हुए।
पिता से खतरा बताकर सुरक्षा की मांग की थी
बुधवार को मोनालिसा ने फरमान खान से एक मंदिर में शादी कर ली थी और इस शादी को कई मंत्रियों ने केरल की सच्ची लव स्टोरी करार दिया था। शादी से पूर्व उसने केरल के थंपानूर पुलिस स्टेशन में जाकर पिता जयसिंह भोसले से खतरे की बात करते हुए सुरक्षा की मांग की थी। जय सिंह जब पुलिस स्टेशन पहुंचे तो उन्हें मोनालिसा के 18 वर्ष का होने का हवाला देते हुए वहां से चले जाने को कहा गया।
मोनालिसा को पहली बार फिल्म में ब्रेक देने वाले डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने इसे लव जिहाद करार दिया था। उन्होंने कहा था कि द केरला स्टोरी ने वहां के लव जिहाद को एक्सपोज किया था। उन्होंने एक पोस्ट में मोनालिसा को पीएफआई के लव जिहाद का शिकार होने की बात कहते हुए बताया कि उन्हें सर तन से जुदा किये जाने की धमकी मिल रही है।

