मानवता की मिसाल: मासूम बच्ची की मदद करने वाले दो युवकों को पुलिस ने किया सम्मानित

राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। मानवता और संवेदनशीलता का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए दो युवकों ने एक खोई हुई मासूम बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके इस सराहनीय कार्य के लिए जिला पुलिस द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया।

जानकारी के अनुसार बीते मार्च मार्च दोपहर लगभग 2 बजे अरशद खान एवं राजा खान नामक युवकों को बाजार क्षेत्र में लगभग डेढ़ वर्ष की एक बालिका रोते हुए और अकेले भटकते हुए दिखाई दी। दोनों युवकों ने तुरंत मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए बच्ची को अपने साथ लिया, उसे शांत कराया और उसकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा। इसके बाद उन्होंने चिखली थाना में पदस्थ आरक्षक से जानकारी प्राप्त कर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क किया तथा बच्ची को विधिवत रूप से चाइल्ड वेलफेयर टीम के सुपुर्द कर दिया।

रात्रि में पुलिस द्वारा बच्ची के परिजनों की जानकारी प्राप्त होने पर बच्ची का आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल) कराया गया और उसके बाद बच्ची को सुरक्षित रूप से उसके माता-पिता के सुपुर्द किया गया। इस सराहनीय और मानवतापूर्ण कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर द्वारा राजनांदगांव पुलिस की ओर से अरशद खान और राजा खान को सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया।

error: Content is protected !!