रायपुर में 2021 के हत्या-लूट मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार….

रायपुर। राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र में साल 2021 में हुए चर्चित शकुंतला देवी हत्याकांड की गुत्थी सुलझ गई है। जिस गुत्थी को सुलझाने में रायपुर पुलिस नाकाम रही थी उसका राजफाश अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने किया है।

गिरफ्तार आरोपी अहमदाबाद का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अजय कुमार उर्फ लक्ष्मीसागर उर्फ राजनारायण मिश्रा है। अहमदाबाद पुलिस की सूचना पर आरोपी को लाने के लिए रायपुर पुलिस गुजरात रवाना हुई है।

चार लाख रुपये में सौदा किया था

शकुंतला देवी ने आरोपी अजय को पारिवारिक संपत्ति विवाद सुलझाने चार लाख रुपये का सौदा किया था। आरोपी और शकुंतला का बेटा पहले एक अस्पताल में साथ सुरक्षा गार्ड थे। सौदे के मुताबिक 10 हजार रुपये एडवांस लेकर आरोपी काम करने के बजाय गायब हो गया। जब शकुंतला उसे ढूंढते हुए उसके गांव तक पहुंच गई, तो आरोपी ने लूट के इरादे से रायपुर आकर वारदात की।

गला घोंटकर की हत्या, 35 तोला सोना और 10 लाख ले गया था

अक्टूबर 2021 में पटेल चौक स्थित मकान में शकुंतला देवी का शव मिला था। आरोपी ने कबूल किया कि उसने साथी केतन उर्फ केटी के साथ महिला का गला घोंटा और घर से 10 लाख रुपये व करीब 35 तोला सोना लूट लिया।

पहचान छिपाने उसने मोबाइल और आधार कार्ड का उपयोग बंद कर दिया था और गोवा, मुंबई व अहमदाबाद में ठिकाने बदलता रहा। लूटा हुआ सोना उसने उत्तर प्रदेश के कौशांबी में ठिकाने लगाया था।

अहमदाबाद पुलिस से आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना मिली है। टीम रवाना हो चुकी है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया जाएगा, जिसके बाद लूट और हत्या की कड़ियों को जोड़ा जा सकेगा।

– राहुल देव शर्मा, एडिशनल डीसीपी (वेस्ट), रायपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!