AAP Party Attack On Raghav Chadha: राज्यसभा से डिप्टी लीडर पद से हटाए जाने के एक दिन बाद आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) यानी आप पार्टी अब अपने ही सांसद राघव चड्ढा पर खुलकर प्रहार करना शुरू कर दिया है। सौरभ भारद्वाज (Saurabh Bhardwaj) के बाद अब अनुराग ढांडा (Anurag Dhanda) ने राघव चड्ढा पर करारा निशाना साधा है। आम आदमी पार्टी के मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने राघव चड्ढा की निष्ठा पर सवाल उठाते हुए कहा कि राघव चड्ढा तुम डर गए हो। मोदी के खिलाफ बोलने से घबराते हो।
AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने भी चड्ढा पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या उन्होंने गुजरात में गिरफ्तार किए गए पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्थन में संसद में आवाज उठाई? उन्होंने यह भी सवाल किया कि पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र पर कथित हमलों के मुद्दे पर चड्ढा ने कोई ठोस पहल क्यों नहीं की। सौरभ भारद्वाज ने कहा, कि संसद में सीमित समय का उपयोग गंभीर मुद्दों को उठाने के लिए होना चाहिए, लेकिन राघव चड्ढा उस भूमिका में सक्रिय नहीं दिख रहे।
अनुराग ढांडा ने चड्ढा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से डरने और पार्टी के संघर्षों से किनारा करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। अनुराग ढांडा ने सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर राघव चड्ढा की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, “राघव, तुम पिछले कुछ सालों से डर गए हो। मोदी के खिलाफ बोलने से घबराते हो, जो डर गया वो देश के लिए क्या लड़ेगा?” ढांडा ने तंज कसते हुए कहा कि संसद में पार्टी को बोलने के लिए जो सीमित समय मिलता है, उसका उपयोग देश बचाने के लिए होना चाहिए, न कि “एयरपोर्ट कैंटीन में समोसे सस्ते करवाने” जैसे मुद्दों के लिए।
हम केजरीवाल के सिपाही हैं
अनुराग ढांडा ने कहा कि हम केजरीवाल के सिपाही हैं। निडरता पहली पहचान है हमारी। कोई मोदी से डर जाए तो लड़ेगा क्या देश के लिए। संसद में थोड़ा सा समय मिलता है बोलने का पार्टी को, उसमें या तो देश बचाने का संघर्ष कर सकते हैं या एयरपोर्ट कैंटीन में समोसे सस्ते करवाने का। गुजरात में हमारे सैंकड़ों कार्यकर्ता बीजेपी की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए, क्या सांसद साहब सदन में कुछ बोले?’ढांडा ने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल में वोट का अधिकार छीना जा रहा है। सदन में प्रस्ताव आया CEC के खिलाफ तो भाई साहब ने साइन करने से मना कर दिया। पार्टी ने सदन से वाकआउट किया तो मोदी जी की हाज़िरी लगाने के लिए बैठे रहते हैं। पिछले कुछ सालों से तुम डर गए हो राघव। मोदी के खिलाफ बोलने से घबराते हो। देश के असली मुद्दों पर बोलने से घबराते हो.जो डर गया वो…’
पार्टी के एक्शन पर राघव का रिएक्शन
बता दें कि इस विवाद की शुरूआत उस समय हुई जब आम आदमी पार्टी (आप) ने राज्यसभा सचिवालय को एक पत्र लिखकर सांसद राघव चड्ढा को सदन में पार्टी के उप-नेता के पद से हटाने का आग्रह किया। उनके स्थान पर पंजाब के सांसद अशोक मित्तल का नाम प्रस्तावित किया। पत्र में कहा गया है कि चड्ढा को सदन में बोलने के लिए ‘आप’ के निर्धारित कोटे से समय आवंटित नहीं किया जाना चाहिए। इसके बाद आज राघव चड्ढा ने भी एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि मेरी खामोशी को मेरी हार मत समझना।
Raghav Chadha ने सुबह 10 बजे अपने एक्स अकाउंट से एक वीडियो संदेश जारी किया है। इसमें उन्होंने कहा है- ‘खामोश करवाया गया हूं, हारा नहीं हूं।’ राघव ने कहा, जब भी मुझे संसद में बोलने का मौका मिलता है, तो मैं जनता के मुद्दे उठाता हूं। और शायद ऐसे मुद्दे जो संसद में आमतौर पर नहीं उठाए जाते। लेकिन क्या जनता की समस्याओं पर, सार्वजनिक मुद्दों पर बात करना कोई अपराध है? क्या मैंने कोई जुर्म या गलती की है? राघव ने आगे कहा, क्या मैंने कुछ गलत किया है? आज मैं यह सवाल इसलिए पूछ रहा हूं क्योंकि आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को बता दिया है कि राघव चड्डा को संसद में बोलने न दिया जाए। हां, आम आदमी पार्टी ने संसद को सूचित कर दिया है कि उन्हें बोलने का मौका न दिया जाए। अब कोई मुझे क्यों रोकना चाहेगा?


