लोन का पैसा चुकाने को बन गया तांत्रिक, तंत्र-मंत्र के जाल में फंसाकर की लाखों की ठगी, ‘ढोंगी बाबा’ पुलिस की गिरफ्त में

बेमेतरा। पारिवारिक समस्याओं को तंत्र-मंत्र से सुलझाने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय जालसाज रविन्द्र कुमार देव ग्राम माधोपुर (दरभंगा, बिहार) को बेमेतरा पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार किया है।

खुद को ‘गोरखनाथ शक्ति बाबा’ बताने वाले इस आरोपित ने साजा क्षेत्र के एक ग्रामीण परिवार से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी सहित कुल 6.63 लाख रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने आरोपित के पास से शत-प्रतिशत मशरूका (जेवरात) बरामद कर उसे जेल भेज दिया है।

घटना साजा थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया की है

घटना साजा थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया की है। प्रार्थी भागवत साहू (57 वर्ष) अपनी बेटी के ससुराल में चल रहे विवाद से परेशान था। इसका फायदा उठाकर ग्राम मोहतरा के जालम दास कोशले ने उसकी मुलाकात बिहार निवासी रविन्द्र कुमार देव उर्फ गोरखनाथ बाबा से कराई।

ठगी का सिलसिला 10 फरवरी 2026 से शुरू हुआ

आरोपित ने दावा किया कि घर का ‘पाती’ (दोष) उखड़ गया है, जिसे वह अपनी शक्तियों से ठीक कर देगा। ठगी का सिलसिला 10 फरवरी 2026 से शुरू हुआ। आरोपित ने घर के चारों कोनों में तंत्र-मंत्र के नाम पर कुछ सामग्री गाड़ी और किस्तों में प्रार्थी से 1,63,800 रुपये नकद ऐंठ लिए।

‘शुद्धिकरण’ के नाम पर 33.9 ग्राम सोना और 13 तोला चांदी लेकर फरार

हद तो तब हो गई जब 27 फरवरी को प्रार्थी की अनुपस्थिति में आरोपित ने उसकी पत्नी और बेटी को झांसे में लिया और ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर 33.9 ग्राम सोना (मंगलसूत्र, झुमका, लॉकेट) और 13 तोला चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गया।

कर्ज चुकाने के लिए रची थी साजिश

पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने ठगी की नगदी रकम से अपना पुराना लोन चुका दिया और बाकी पैसे खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से ठगी के समस्त जेवरात (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) बरामद कर लिए हैं।

आरोपित को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक रोशन लाल टोन्डे (थाना प्रभारी साजा), निरीक्षक मयंक मिश्रा (साइबर सेल प्रभारी) एवं साजा व साइबर सेल की टीम की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!