
आरोपी सांई ऐप में सट्टा ID एवं पासवर्ड संचालित करने के बदले 5,000 से 10,000 रुपये तक वसूलता था
राजनांदगांव (दैनिक पहुना)। ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चल रही मुहिम में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल एवं थाना बसंतपुर ने सट्टा गिरोह के मुख्य आरोपी सादिक खान को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। बीते 6 अप्रैल को आईपीएल क्रिकेट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईटेक सट्टा रैकेट का खुलासा किया गया था। इस दौरान आरोपी वीरू प्रजापति, रूपेश पाण्डे, आयुष मेश्राम, मोहित देवांगन, लक्की देवांगन उर्फ नरेन्द्र देवांगन व मूलचंद प्रजापति को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल, चार्जर, नगदी रकम एवं सट्टा पट्टी सहित लगभग 5,50,000 रुपये मूल्य की सामग्री जप्त कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। मामले में मुख्य फरार आरोपी सादिक खान की लगातार पतासाजी की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसके नागपुर में होने की पुख्ता सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के विशेष निर्देश पर थाना बसंतपुर एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा आरोपी की तलाश में रवाना किया गया। पुलिस आरोपी को नागपुर से हिरासत में लेकर राजनांदगांव लाया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सांई ऐप में सट्टा ID एवं पासवर्ड उपलब्ध कराने के नाम पर 5,000 से 10,000 रुपये तक लेता था तथा ऐप में तकनीकी त्रुटि आने पर उसे ठीक करने के नाम पर 2,000 से 3,000 रुपये फोनपे एवं क्यूआर कोड के माध्यम से प्राप्त करता था। आरोपी के कब्जे से एप्पल कंपनी का 01 नग मोबाइल जप्त किया गया है। मामले में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 151/2026 धारा 6, 7, 8 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम तथा 318(4), 112(2) भारतीय न्याय संहिता एवं 66(D) आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेजा गया।
उक्त कार्यवाही में निरीक्षक विनय पम्मारम (साइबर सेल ) निरीक्षक एमन साहू (थाना प्रभारी बसंतपुर), उपनिरीक्षक नरेश बंजारे, उपनिरीक्षक इब्राहिम खान, उपनिरीक्षक देवादास भारती, आरक्षक मनीष वर्मा, आरक्षक हरिश ठाकुर की विशेष भूमिका रही।


