कांग्रेस नेता के घर ताबड़तोड़ गोलीबारी: बड़े बेटे की मौत, छोटे की हालत गंभीर; बदमाशों ने परिवार को बनाया बंधक

जांजगीर-चांपा। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत करही गांव में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाश लूट की नीयत से घर में दाखिल हुए थे।

कांग्रेस नेता के घर को बनाया निशाना

यह घटना सीमेंट-रेत व्यवसायी एवं ब्लाक कांग्रेस उपाध्यक्ष सम्मेलाल कश्यप के घर की है। देर रात बदमाश घर में घुसे और परिवार के सदस्यों को निशाना बनाते हुए अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। हमले के दौरान बड़े बेटे आयुष कश्यप को दो गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

छोटे बेटे की हालत गंभीर

वहीं छोटे बेटे आशुतोष कश्यप को भी गोली लगी, जो उसके दाहिने हाथ में लगी है। घटना के दौरान आरोपियों ने घर के अन्य सदस्यों को उनके कमरों में बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई मदद के लिए बाहर न निकल सके। गोलीबारी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

अस्पताल में उपचार जारी

घायल आशुतोष को तत्काल बिर्रा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है और डॉक्टरों की निगरानी में उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस जांच और तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

विधायक ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक ब्यास कश्यप जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल आशुतोष कश्यप से मुलाकात कर उसका हालचाल जाना और परिजनों को सांत्वना दी। साथ ही पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!