दुर्ग। छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस को चोरी के मामले में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। घर में चोरी करने वाला कोई और नहीं बल्कि नौकरानी ही निकली, जिसने अपने पति और जीजा के साथ मिलकर 12 लाख रुपये के गहने चोरी कर लिए थे। तीनों के कब्जे से 12 लाख 22 हज़ार रुपये का सामान जब्त किया गया है। यह पूरा मामला नेवई थाना क्षेत्र का है।
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, आशीष नगर रिसाली निवासी दुर्गा प्रसाद नागपुरे ने घर में काम ज्यादा होने के कारण एक महिला मालती ध्रुव को दो दिनों के लिए काम पर रखा था, लेकिन काम खत्म होने के बाद जब अलमारी में रखे सोने चांदी के गहने नहीं दिखे तब दुर्गा प्रसाद के होश उड़ गए।
उन्होंने 27 मई को नेवई थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 26 मई को सुबह अपने घर की आलमारी को खोलकर देखने पर पर्स से 14.5 ग्राम का सोने का हार, मांगटीका, नाक की नथिनी, हाथ के कड़े, मंगलसूत्र, कान के 03 जोड़ी टॉप्स गायब मिले।

दुर्गा प्रसाद की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की और विवेचना के दौरान संदेही घर में काम करने वाली बाई मालती ध्रुव उसके पति देवीलाल ध्रुव और आरोपिया के जीजा हेमलाल मंडावी को थाना तलब कर घटना के संबंध में पूछताछ किया गया, जिन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी मालती ध्रुव ने पुलिस को बताया कि 19 मई 2026 को दुर्गाप्रसाद नागपुरे के घर के आलमारी में रखे सोने के गहनों की चोरी करके अपने पति देवीलाल और जीजा हेमलाल मांडवी के सहयोग से कुछ गहनों को मुथूट फ़ाइनेंस में गिरवी रखकर लोन लिया है, जिसका रसीद और मोबाईल फोन, एक लाख नगद, एक स्कूटी, तीन मोबाइल पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस ने इस तरह 12 लाख 22 हज़ार रुपये का सामान जब्त किया है।


