NEET परीक्षा को लेकर NTA का बड़ा फैसला, एग्जाम की अवधि बढ़ाई; छात्रों को राहत देने के लिए हुए कई बदलाव

डिजिटल डेस्क। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बदलावों की घोषणा की है। एजेंसी ने परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और छात्र हितैषी बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। नए बदलावों के तहत परीक्षा की अवधि बढ़ाने के साथ प्रश्नपत्र बुकलेट में रफ वर्क के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।

परीक्षा की अवधि बढ़ाई गई

एनटीए के अनुसार, छात्रों से लंबे समय से मिल रहे सुझावों और फीडबैक को ध्यान में रखते हुए परीक्षा की कुल अवधि बढ़ा दी गई है। अब NEET UG 2026 परीक्षा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। यानी अभ्यर्थियों को कुल 195 मिनट का समय मिलेगा। माना जा रहा है कि इससे छात्रों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए बेहतर समय प्रबंधन में मदद मिलेगी।

रफ वर्क के लिए मिलेगा अतिरिक्त स्थान

NEET UG 2026 के प्रश्नपत्र बुकलेट में रफ वर्क के लिए पहले से अधिक जगह दी जाएगी। फिजिक्स और केमिस्ट्री जैसे विषयों में गणना आधारित प्रश्नों को हल करने के दौरान छात्रों को अतिरिक्त स्पेस की आवश्यकता होती है। ऐसे में यह बदलाव विद्यार्थियों के लिए काफी लाभदायक माना जा रहा है।

परीक्षा के दबाव को कम करने की कोशिश

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि अतिरिक्त समय में उपस्थिति पत्रक पर हस्ताक्षर, बायोमेट्रिक सत्यापन और अन्य अनिवार्य औपचारिकताओं में लगने वाला समय भी शामिल रहेगा। नई व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अभ्यर्थी प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़कर बिना अनावश्यक दबाव के परीक्षा दे सकें।

पारदर्शिता बढ़ाने पर जोर

पिछले कुछ वर्षों में NEET परीक्षा की पारदर्शिता और परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं को लेकर कई सुझाव सामने आए थे। एनटीए का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को लगातार बेहतर बनाने के लिए सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। एजेंसी को उम्मीद है कि इन बदलावों से लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी और परीक्षा अनुभव अधिक सहज बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!