नर्मदापुरम। रिश्तों में बढ़ती अविश्वास की खाई और पल भर के गुस्से का एक बेहद खौफनाक चेहरा नर्मदापुरम से सामने आया है।यहां मालाखेड़ी रोड स्थित लाइफ स्टाइल कॉलोनी के पास ‘लिव-इन रिलेशनशिप’ में रह रही एक 38 वर्षीय महिला की उसके ही पार्टनर ने सरेआम चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी।पेट और सीने पर चाकू के ताबड़तोड़ वार करने के बाद आरोपी महिला को तड़पता हुआ छोड़कर मौके से फरार हो गया। करीब 28 घंटों तक जिंदगी और मौत के बीच झूलने के बाद आखिरकार गुरुवार रात को महिला ने दम तोड़ दिया।
पार्टनर बनकर रहती थी महिला
पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक महिला की पहचान 38 वर्षीय आशा यादव (पति मांगीलाल यादव) के रूप में हुई है। आशा पिछले कुछ समय से नंदविहार कॉलोनी के पास काम करने वाले गणपत चौरे नाम के शख्स के साथ लाइफ स्टाइल कॉलोनी के पास एक किराए के मकान में लिव-इन पार्टनर के तौर पर रह रही थी।
बुधवार को किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में पागल हो चुके गणपत चौरे ने धारदार चाकू निकाला और आशा पर जानलेवा हमला कर दिया।
पेट और सीने पर 4 गहरे घाव
जिला अस्पताल के डॉ. उदित भट्ट ने बताया कि बुधवार को जब महिला को अस्पताल लाया गया, तो उसकी हालत बेहद नाजुक थी। दो स्थानीय मासूम बच्चियां हिम्मत दिखाकर लहूलुहान आशा को जिला अस्पताल लेकर पहुंची थीं। आशा के पेट पर एक और गले के ठीक नीचे सीने वाले हिस्से पर चाकू के तीन गहरे वार थे। पेट का घाव इतना गहरा था कि लगातार भारी मात्रा में खून बह रहा था, जिसके चलते उसे तुरंत आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया।
अटेंडर न होने से फंसा मामला
आशा को गंभीर हालत में डॉक्टरों ने तुरंत भोपाल रेफर करने की सलाह दी थी, लेकिन इंसानियत और सिस्टम के बीच एक बड़ी लाचारी सामने आ गई। वारदात को अंजाम देकर कातिल पार्टनर फरार हो चुका था और अस्पताल में आशा के साथ कोई भी ‘अटेंडर’ (देखभाल करने वाला परिजन) मौजूद नहीं था।
बिना अटेंडर के गंभीर मरीज को शिफ्ट करना नामुमकिन था, जिसके चलते उसे नर्मदापुरम के ही आईसीयू में रखकर इलाज किया जाता रहा। आखिरकार, हमले के 28 घंटे बाद गुरुवार रात को उसकी मौत हो गई।
कातिल की तलाश में नाकेबंदी, परिजनों की खोज जारी
फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपी गणपत चौरे की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही पुलिस मृतका आशा यादव के मूल निवास और उसके परिजनों का भी सुराग लगा रही है।


