मनरेगा मजदूरों के बीच पहुंचे कांग्रेसी : राष्ट्रीय सचिव सचिन राव समेत 40 जिला अध्यक्षों ने किया श्रमदान

अभनपुर. कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर के 9वें दिन कांग्रेस नेताओं ने लखना ग्राम में अनोखा जनसंपर्क अभियान चलाया. राष्ट्रीय महासचिव सचिन राव सहित 40 नए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनरेगा कार्यस्थल पहुंचे और मजदूरों के साथ करीब तीन घंटे तक श्रमदान किया.

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मनरेगा मजदूरों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली. श्रमिकों ने रोजगार, मजदूरी और अन्य स्थानीय मुद्दों से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए. इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने मजदूरों के साथ सामूहिक भोजन किया. इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों जैसे अंगाकर रोटी, खपुरी रोटी, चीला-भाजी और चटनी का स्वाद भी लिया.

समापन में पवन खेड़ा होंगे शामिल

कांग्रेस जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर का 29 जून को समापन होने जा रहा है. इस 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन राष्ट्रीय मीडिया और प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा शामिल होंगे. बता दें कि शनिवार यानी 8वें दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिला अध्यक्षों को ट्रेनिंग दी. उन्होंने संगठन संचालन और राजनीतिक रणनीति के गुर सिखाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!