चलती बस में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी; समय रहते सभी को सुरक्षित उतारा गया

रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे अभनपुर क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। धमतरी से रायपुर आ रही महेंद्र ट्रेवल्स की स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। आग लगते ही बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि चालक और परिचालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को तत्काल बस से नीचे उतार लिया गया, जिससे जनहानि टल गई।

जगदलपुर नेशनल हाईवे पर हुई दुर्घटना

जानकारी के अनुसार, घटना जगदलपुर नेशनल हाईवे पर अभनपुर के पास हुई। धमतरी से रायपुर की ओर आ रही महेंद्र ट्रेवल्स की स्लीपर बस में अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग फैल गई। बस में आग लगते ही चालक ने तुरंत वाहन सड़क किनारे रोक दिया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

देखते ही देखते भड़की आग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही देर में आग ने बस के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची।

कोई यात्री हताहत नहीं

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। आग लगने से बस को काफी नुकसान पहुंचा है।

error: Content is protected !!