चेन्नई। तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां यूट्यूब वीडियो देखकर घर पर प्रसव कराने की कोशिश एक महिला के लिए जानलेवा साबित हुई। बिना चिकित्सकीय निगरानी के डिलीवरी कराने के प्रयास के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि डॉक्टर नवजात बच्ची की जान बचाने में सफल रहे।
पहले एक बच्चे को सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए जन्म दे चुकी थी महिला
जानकारी के मुताबिक, उथुकुली क्षेत्र के थलावैपलयम गांव की रहने वाली शशिकला पहले एक बच्चे को सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए जन्म दे चुकी थीं। इस बार परिवार सामान्य प्रसव चाहता था। आरोप है कि महिला के पति कार्तिक ने यूट्यूब पर वीडियो देखकर घर पर ही डिलीवरी कराने की कोशिश की। इस दौरान उसकी सास भी मौजूद थी। पूरा प्रयास बिना किसी डॉक्टर या प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी की देखरेख के किया गया।
डॉक्टरों के लगातार प्रयासों के बावजूद महिला को बचाया नहीं जा सका
प्रसव के दौरान महिला की हालत अचानक गंभीर हो गई। इसके बाद उसे तुरंत पेरुनदुरई के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कोयंबटूर के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के लगातार प्रयासों के बावजूद शशिकला को बचाया नहीं जा सका और रविवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, नवजात बच्ची सुरक्षित है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस महिला की मौत के कारणों की पड़ताल कर रही
घटना की सूचना मिलने के बाद उथुकुली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस महिला की मौत के कारणों की पड़ताल कर रही है और पति कार्तिक समेत परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में बिना चिकित्सकीय सलाह और देखरेख के घर पर प्रसव कराने के निर्णय को गंभीर लापरवाही माना जा रहा है।


