4 साल से फरार मानव तस्करी का आरोपी गिरफ्तार….

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे *“ऑपरेशन क्लीन हंट”* के तहत धरमजयगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मानव तस्करी के गंभीर प्रकरण में लगभग चार वर्ष से फरार चल रहे आरोपी *रामा चौहान* को जिला जशपुर के ग्राम जोराडोल से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार 28 जून 2022 को थाना धरमजयगढ़ में एक 17 वर्षीय बालिका के गुम होने की रिपोर्ट उसके पिता द्वारा दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि बालिका 23 जून 2022 की शाम घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजनों द्वारा रिश्तेदारों एवं आसपास के क्षेत्रों में तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका व्यक्त करते हुए थाना धरमजयगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इस पर *अपराध क्रमांक 109/2022* दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान अपहृत बालिका को मध्यप्रदेश के अनुपपुर में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा ट्रेन में दो संदिग्ध व्यक्तियों *हीरालाल चौहान एवं देवलाल तिग्गा* के साथ बरामद किया गया। सूचना मिलने पर धरमजयगढ़ पुलिस ने बालिका को सुरक्षित दस्तयाब किया। पूछताछ एवं विवेचना में सामने आया कि आरोपीगण ने अपने अन्य साथियों *रामपाल यादव एवं रामा चौहान* के साथ मिलकर बालिका को बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाकर शादी कराने के नाम पर *₹20,000 में बेचने की साजिश* रची थी। प्रकरण में साक्ष्यों के आधार पर मानव तस्करी सहित अन्य गंभीर धाराएं 343,365,370,370 (ए), 120 (बी) भा.द.वि.जोड़ी गईं।

इस मामले में वर्ष 2022 में ही आरोपी हीरालाल चौहान, देवलाल तिग्गा एवं रामपाल यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था, जबकि आरोपी *रामा चौहान* लगातार फरार चल रहा था। उसके विरुद्ध धारा 173(8) CrPC के तहत न्यायालय में गिरफ्तारी शेष अभियोग पत्र भी प्रस्तुत किया गया था। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार आरोपियों की लगातार तलाश के दौरान धरमजयगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रामा चौहान अपने गृहग्राम *जोराडोल, जिला जशपुर* आया हुआ है। सूचना पर थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी रामा चौहान पिता शिवनंदन चौहान, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम जोराडोल, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!