किसान की मौत: खेत में काम करते वक्त बिच्छू ने मारा डंक, इलाज के दौरान तोड़ा दम

धमतरी। बारिश का मौसम अपने साथ सिर्फ राहत ही नहीं बल्कि कई तरह के खतरे भी लेकर आता है। इन्हीं में से एक है जहरीले जीव-जंतुओं के काटने की घटनाएं, जो इन दिनों लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला धमतरी जिले के भखारा क्षेत्र में सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग किसान की बिच्छू के डंक से मौत हो गई।

भखारा क्षेत्र में रहने वाले बुजुर्ग किसान परदेशी राम अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें जहरीले बिच्छू ने डंक मार दिया। डंक लगने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए धमतरी के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान किसान ने दम तोड़ दिया।

घटना से परिवार में पसरा मातम

घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। बहरहाल पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। बारिश के मौसम में जहरीले जीव जंतुओं के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं ऐसे में खेतों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

बिच्छू के काटने पर क्या करें ?

अगर आपको या फिर किसी परिचित को बिच्छू ने डंक मार दिया है, तो सबसे पहले शांत रहें और उस जगह को साबुन-पानी से धोएं। इसके बाद सूजन और दर्द कम करने के लिए बर्फ की सिकाई करें। अगर डंक त्वचा में हो तो चिमटी से निकालें। अगर सांस लेने में कठिनाई, तेजी से दिल धड़कना या गंभीर लक्षण दिखें, तो तुरंत नजदीकी आपातकालीन चिकित्सा केंद्र से तुरंत संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!