लखनऊ. धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद विपक्ष फ्रंटफुट पर आकर सत्ता दल बीजेपी को लगातार घेरने की कोशिश में लगा हुआ है. इन सबके बीच सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भाजपा को चेतावनी दी है. उन्होंने जंतर-मंतर में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर कहा, ये मनोबल और एकता की जीत है! हर आंदोलनकारी और उनका किसी भी तरह सहयोग करने वाले हर एक को इस ‘Big-Win’ की अनंत बधाई! युवाओं ने Examination & Education की लड़ाई जीतकर जो शुरुआत की है वो, अब संविधान को हाथ में लेकर EVM और चुनाव सुधार तक भी पहुंचेगी.
आगे अखिलेश यादव ने कहा, अब भाजपा चुनावी घपलों और सांसदों-विधायकों की ख़रीद की जो नेगेटिव पॉलिटिक्स करती है, अब उसका भी अंत होगा. कमीशनख़ोरी के भाजपाई भ्रष्टाचार का पर्दाफ़ाश होगा. सत्ता पोषित मीडिया के ‘दाने-गाने’ के संबंधों का भी अंतकाल होगा. पीड़ित, दुखी, अपमानित पर अब न बुलडोज़र चल पायेगा, न किसी निर्दोष का एनकाउंटर होगा.
अब किसी दुखी मां का अपमान कोई नहीं कर पाएगा. अब बच्चियों और युवाओं पर कोई हाथ नहीं उठाएगा. अब किसानों, मजदूरों, दुकानदारों, कारोबारियों का पर कोई अत्याचार नहीं कर पाएगा. अब भगवान तक को धोखा देने वालों पर कोई रत्ती भर भी ऐतबार नहीं करेगा. साम्प्रदायिक राजनीति का सूरज आज से ढल जाएगा. अब संविधान के दिये हक़ कोई नहीं मार पाएगा. अब नया दौर आयेगा, जो बदलाव लाएगा.

