एमपी/ भिंड। देहात थाना उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के छल्ला गांव निवासी ट्रक चालक विपिन कुमार केवल लुंगी पहनकर अपनी पैंट चोरी होने की शिकायत लेकर थाने पहुंच गया। चालक ने पुलिस को बताया कि वह पैंट पहनकर सोया था, लेकिन जब उसकी नींद खुली तो पैंट गायब थी। पैंट की जेब में रखे 1500 रुपये नकद, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी रखा था। हालांकि शराब के नशे में होने के कारण वह यह भी नहीं बता सका कि घटना कहां हुई।
ड्राइवर की आंख खुली तो पैंट गायब
जानकारी के अनुसार विपिन कुमार ग्वालियर में ट्रक चलाता है। सोमवार को उसने अटेर क्षेत्र में ट्रक मालिक के सुपुर्द किया। इसके बाद उसने शराब पी और कहीं जाकर सो गया। जब आंख खुली तो वह केवल लुंगी में था और उसकी पैंट गायब थी। इसके बाद वह सीधे देहात थाने पहुंच गया और पुलिस से मदद की गुहार लगाई। थाने में मौजूद पुलिसकर्मी उसकी बात सुनकर हैरान रह गए। कुछ देर बाद थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह राजावत ने उससे पूरी जानकारी ली।
चालक ने बताया कि पैंट में नकदी के अलावा उसके जरूरी दस्तावेज भी थे। पुलिस ने जब घटना का स्थान पूछा तो वह स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। नशे की वजह से उसे यह भी याद नहीं था कि वह कहां सोया था और कब पैंट गायब हुई।
पुलिस ने रुपये के साथ शराब छोड़ने की दी समझाइश
चालक की स्थिति देखकर टीआई शिव प्रताप सिंह राजावत ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए उसे घर लौटने के लिए 400 रुपये की आर्थिक सहायता दी। साथ ही शराब से दूर रहने की समझाइश भी दी।
टीआई की बात सुनकर विपिन भावुक हो गया और बोला, “साहब, कसम से अब कभी दारू नहीं पीऊंगा।” इसके बाद उसने पुलिस का धन्यवाद किया और अपने घर के लिए रवाना हो गया। यह घटनाक्रम दिनभर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।

