मेकाहारा अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लगी आग, मरीजों में मची अफरा-तफरी…

रायपुर। राजधानी रायपुर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) के कैजुअल्टी (इमरजेंसी) वार्ड में मंगलवार को अचानक आग लग गई। आग लगते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल स्टाफ के बीच हड़कंप की स्थिति बन गई।

naidunia_image

मरीजों को दूसरे विभागों में किया गया शिफ्ट

घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। एहतियात के तौर पर इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों को आनन-फानन में अस्पताल के अन्य विभागों में शिफ्ट किया गया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।

दमकल और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां अस्पताल पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। मौदहापारा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। अस्पताल प्रशासन, दमकल विभाग और पुलिस के अधिकारी मिलकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

आग के कारणों की होगी जांच

फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। प्रारंभिक स्तर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जाएगी। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की आधिकारिक सूचना नहीं है।

error: Content is protected !!