दारू पीने के लिए पैसे नहीं देने पर युवक से मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव। सिटी कोतवाली पुलिस ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर युवक से मारपीट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बीयर की बोतल भी बरामद कर जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार 21 अगस्त की रात करीब 10.30 से 11 बजे के बीच प्रार्थी अपना काम पूरा कर घर लौट रहा था। इसी दौरान बग्गा बार के सामने गौरी नगर निवासी अजय यादव और हेमंत यादव मिले। दोनों आरोपियों ने प्रार्थी से शराब पीने के लिए एक हजार रुपये मांगे। रुपये देने से मना करने पर दोनों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए बीयर की बोतल से उसके सिर पर हमला कर दिया। दोबारा हमला करने पर प्रार्थी ने हाथ से रोकने का प्रयास किया, जिससे उसके हाथ में चोट लगी। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 458/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी अजय कुमार यादव (23) और हेमंत यादव निवासी गौरी नगर, चिखली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उनकी निशानदेही से घटना में प्रयुक्त बीयर की बोतल जब्त की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को  गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!